मार्वल स्टूडियोज की फिल्म 'एवेंजर्स द एंडगेम' ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया था। इस फिल्म में कैप्टन अमेरिका, आयरन मैन, थॉर, वांडा, ब्लैक विडो, हॉकआई जैसे तमाम सुपरहीरो ने थानोस के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। हालांकि फिल्म के अंत के साथ साथ आयरन मैन का सफर भी खत्म हो गया। फिल्ममेकर्स एंथोनी और जो रसो ने हाल ही में खुलासा किया कि रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने एवेंजर्स एंडगेम में अपने किरदार की मौत पर क्या प्रतिक्रिया दी थी।
रॉबर्ट ने दी थी यह प्रतिक्रिया
तारा बैनेट और पॉल टैरी द्वारा लिखी किताब द स्टोरी ऑफ मार्वल स्टूडियोज- द मेकिंग ऑफ द मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में जो और एंथोनी ने बताया कि फिल्म में आयरन मैन के किरदार को खत्म करने के बारे में जब उन्होंने रॉबर्ट को बताया तो उन्होंने क्या प्रतिक्रिया दी थी।जो और एंथोनी ने बताया कि, 'जैसे हमने रॉबर्ट के सामने यह विचार रखा वह रोने लगे। इसके बाद जैसे ही बात खत्म हुई रॉबर्ट ने कहा कि यह वाकई शानदार है और हमे तब पता चला कि इसे करना ही है क्योंकि उन्हें यह महसूस हुआ था'।