फिल्मी दुनिया का उसूल है कि नए चेहरों के आते ही पुराने रुख्सारों की चमक फीकी पड़ जाती है। ऐसा तकरीबन हर फिल्म उद्योग में देखने को मिलता है। हॉलीवुड से लेकर टॉलीवुड तक यही रिवाज चला आ रहा है। इसमें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री यानी कि बॉलीवुड भी पीछे नहीं है। सिनेमा की दुनिया में सौ साल पूरे कर चुका बॉलीवुड अब कई दशक देख चुका है। हर दशक में एक खास ट्रेंड देखने को मिला। फिल्मों की एक विशेष तरह की पटकथा से लेकर, कलाकार, सेट, एक्शंस, म्यूजिक, कॉस्ट्यूम और दर्शकों तक यह धीरे-धीरे परिवर्तित होता गया। बदलते दौर के साथ फिल्मों की कहानियां और इंडस्ट्री की स्थिति भी बदल गई। लेकिन एक चीज जो नहीं बदली वो वही रीत है, जिसमें पुराने कलाकारों को रिटायरमेंट का तमगा मिल जाता है। लेकिन कहते हैं न कि अपवाद हर जगह होता है। कुछ ऐसा ही बॉलीवुड में भी है। यहां कुछ ऐसी अभिनेत्रियां हैं जो पांच दशकों से बदलते ट्रेंड और इंडस्ट्री के मिजाज के साथ ही दर्शकों की डिमांड से कदम से कदम मिलाकर 2021 तक चली आई हैं। आज हम बॉलीवुड की कुछ ऐसी अभिनेत्रियों का जिक्र करेंगे, जिनका 50 साल से अधिक की उम्र में भी कभी मनोरंजन उद्योंग कभी सोशल मीडिया पर जलवा कायम है और उन्होंने साबित कर दिया है कि उम्र महज संख्या है।