अपनी तीन पूरी हो चुकी फिल्मों की रिलीज की राह तक रहे अभिनेता रणवीर सिंह टेलीविजन के बाद अब अपने डिजिटल डेब्यू की तैयारी कर चुके हैं। ‘अमर उजाला’ ने ही आपको सबसे पहले खबर दी थी कि रणवीर सिंह इसी मॉनसून सीजन में छोटे परदे पर एक गेम शो से डेब्यू करने वाले हैं। और, अब खबर है कि रणवीर सिंह ने इसी साल अपने डिजिटल डेब्यू की शूटिंग करने की भी तैयारी कर ली है। ये शूटिंग इस साल सर्दियों में दुनिया के सबसे ठंडे इलाकों में से एक सर्बिया में होगी, इसके लिए रणवीर शूटिंग से पहले खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से खुद को तैयार भी करने वाले हैं। रणवीर का ये शो दुनिया भर में अपने रोमांचक शोज के लिए प्रसिद्ध बेयर ग्रिल्स के साथ होगा। रणवीर सिंह की आखिरी फिल्म 14 फरवरी 2019 को रिलीज हुई थी और तब से रणवीर के प्रशंसक उनको बड़े परदे पर देखने के लिए बेताब हो रहे हैं। बेयर ग्रिल्स इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अभिनेता रजनीकांत के साथ भी रोमांचक शोज बना चुके हैं।