अभिनेता रणबीर कपूर को हिंदी सिनेमा का बड़ा सितारा माना जाता है। ब्रांड्स और नंबर वन की रेस से दूर रहने वाले रणबीर इसीलिए सोशल मीडिया पर भी सक्रिय नहीं हैं। हां, जब भी मिलते हैं तो दिल खोलकर बात करते हैं और सवाल कैसा भी हो, कभी जवाब देने से न कतराते हैं और न ही सवाल पूछने वाले पर रुआब गांठने की कोशिश करते हैं। ‘शमशेरा’ के न चलने पर इस बारे में उन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र’ की सफलता पर ‘अमर उजाला’ के साथ एक वीडियो इंटरव्यू में खूब बातें की थीं और अब उन्होंने अपनी एक और फिल्म 'जग्गा जासूस' की विफलता के कारण गिनाए हैं। नई सदी के शो मैन के तौर पर मशहूर हुए निर्देशक संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म 'सांवरिया' से डेब्यू करने वाले रणबीर की डेब्यू फिल्म के अलावा 'बेशरम', 'रॉय', 'बॉम्बे वेलवेट', 'तमाशा', 'जग्गा जासूस' और 'शमशेरा' फ्लॉप फिल्में साबित हुई हैं।