फिल्म जगत वो उद्योग है, जो किसी न किसी विवाद से हमेशा घिरा रहता है। इंडस्ट्री में नेपोटिज्म का मुद्दा हमेशा से चर्चा में रहा है। बीते कुछ वक्त से ये अधिक चर्चा में आ गया है। समय-समय पर कई सितारे इस मुद्दे पर अपनी राय देते रहे हैं। वहीं, कई सितारे इसके शिकार भी हो चुके हैं। खासकर पिछले साल जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत हुई तो ये मुद्दा काफी गंभीर हो गया था। नेपोटिज्म के खिलाफ सेलेब्स से लेकर आमलोग भी आवाज उठाने लगे थे। स्टारकिड्स की फिल्मों को बॉयकॉट करने की आवाज उठने लगी थी। अब बॉलीवुड अभिनेत्री प्राची देसाई ने ये मुद्दा उठा दिया है। उनका कहना है कि इंडस्ट्री में भ्रष्टाचार और नेपोटिज्म काफी हावी हो चुका है। बता दें कि प्राची टेलीविजन इंडस्ट्री से बॉलीवुड तक पहुंची हैं। कई फिल्मों में उन्होंने काम भी किया। दर्शकों से उन्हें भरपूर प्यार भी मिला, लेकिन अभिनेत्री को वो सफलता नहीं मिल पाई, जिसकी वो उम्मीद कर रही थीं। अब नेपोटिज्म और भ्रष्टाचार को वो अपनी असफलता का कारण मानती हैं।