बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' को लेकर इन दिनों विवाद गर्माया हुआ है। फिल्म के पहले गाने 'बेशर्म रंग' में दीपिका द्वारा पहनी गई भगवा रंग की बिकिनी राजनेताओं से लेकर हिंदू संगठनों की आंखों में खटक रही है। आलम यह है कि अभिनेत्री के खिलाफ लोग शिकायत भी दर्ज करा चुके हैं और इसी का नतीजा है कि 'पठान' को लेकर भी बायकॉट ट्रेंड शुरू हो गया है। जहां एक तरफ शाहरुख खान के पुतले फूंके जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वीर शिवाजी ग्रुप और हिंदू सेना ने फिल्म के मेकर्स और सिनेमाघर मालिकों को धमकी दे दी है कि 'पठान' को देशभर में रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। जहां पूरे देश में इतना बवाल मचा हुआ है, वहीं इस बीच शाहरुख खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका बेखौफ अंदाज नजर आ रहा है।