साल 2022 ने हिंदी सिनेमा के सितारों के बीच एक नया वर्गीकरण तैयार कर दिया है। पहले कलाकार फिल्मों और टेलीविजन के ही खांचों में बंटे थे। अब फिल्मी सितारों के बीच से ओटीटी सितारों की भी छंटनी शुरू हो चुकी है। फिल्म ‘शेरशाह’ के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा एक बार फिर देशभक्ति के रंग के सहारे ओटीटी दर्शकों को लुभाने को तैयार हैं और अगले साल जब देश भर में रॉ एजेंट ‘पठान’ के बड़े परदे पर आने का इंतजार हो रहा होगा तो उसके ठीक पांच दिन पहले रॉ का ही एक और एजेंट ‘मजनू’ लोगों के घरों तक पहुंच जाएगा। सिद्धार्थ मल्होत्रा और रश्मिका मंदाना की इस नई फिल्म 'मिशन मजनू' का पहला गाना रविवार की शाम मुंबई में बांद्रा फोर्ट स्थित एम्फीथिएटर में रिलीज हुआ।