सोनी लिव की सीरीज 'जहानाबाद - ऑफ लव एंड वॉर' में कस्तूरी मिश्रा का किरदार निभा रहीं हर्षिता गौर को लोग उनके नाम से कम, बल्कि उनके किरदार के नाम से ही पहचानते हैं। यही कलाकार की सबसे बड़ी जीत होती है कि लोग जब आपके किरदार से जानने लगे। हर्षिता गौर ने 'मिर्जापुर' सीरीज में डिंपी का किरदार निभाया था। वह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि हर्षिता गौर को लोग डिंपी के किरदार से जानने लगे। हर्षिता गौर कहती हैं, 'मुझे खुशी होती है,जब लोग मुझे मेरे किरदार के नाम से जानते हैं। अभी लोग मुझे 'साडा हक' के संयोगिता के ही किरदार से जानते हैं। फिर लोगों ने 'मिर्जापुर' देखी तो, मुझे डिंपी के किरदार से जानने लगे। इन दोनों नाम से मुझे काफी जाना जाता है। मै चाहती हूं कि 'जहानाबाद ऑफ लव एंड वॉर' भी इतनी सफल हो कि लोग मुझे इसके किरदार कस्तूरी मिश्रा के नाम से जाने। कस्तूरी मिश्रा एक ऐसी लड़की है, जो अपने सपने की दुनिया में जीती है। वह समाज की सच्चाई से पूरी तरह से वाकिफ है। उसके अंदर प्यार भी है,गुस्सा भी है और नफरत भी है। उसको लगता है कि उसके लिए कोई भी काम असंभव नहीं है। आज भी हमारा समाज जाति पाती के भंवर में फसा हुआ है, कहीं ना कहीं इस पर भी कहानी का फोकस है।'