बॉलीवुड अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी अक्सर सुर्खियों में रहती हैं लेकिन जब से उन्होंने अपने पति से अलग होने का फैसला लिया है तब से वह जबरदस्त चर्चा का मुद्दा बन गई हैं। कीर्ति अक्सर अपनी शादी और रिश्ते को लेकर बयान देती रहती हैं। बीते दिनों भी कीर्ति ने अपने टूटे रिश्ते के बारे में कहा था कि 'किसी के साथ होने से ज्यादा मुश्किल फैसला होता है किसी से अलग होना लेकिन आपको खुद को मजबूत रखना होता है और आगे बढ़ जाना होता है।' इसी बीच कीर्ति ने शादी को लेकर एक और बात कही है जिसकी वजह से वह सुर्खियों में आ गई हैं।
दरअसल, शादी के पांच साल बाद पति साहिल सहगल से अलग होने के बाद कीर्ति ने शादी को लेकर एक बड़ा बयान दिया है और शादी को 'ओवररेटेड' बताया है। कीर्ति का कहना है कि शादी सिर्फ दो लोगों के लिए ही है, इससे ज्यादा कुछ नहीं। वहीं जब कीर्ति से पूछा गया कि उन्हें शादी ओवररेटेड कैसे और क्यों लगती है तो इसके जवाब में वो कहती हैं, 'मैंने इसे शादी के माध्यम से महसूस किया। मैं यह नहीं कह रही हूं कि प्यार ओवररेटेड है या कंपेनियनशिप ओवररेटेड है। मैं कह रही हूं कि शादी का कॉन्सेप्ट ही ओवररेटेड है। मैं किसी के साथ प्यार में हो सकती हूं, किसी के साथ मेरा खूबसूरत रिश्ता हो सकता है लेकिन यह जरूरी नहीं कि मैं उसी व्यक्ति से शादी भी करूं। यह मेरी चॉयस होनी चाहिए।'