तीन साल पहले नेटफ्लिक्स की फिल्मावली ‘लस्ट स्टोरीज’ में करण जौहर निर्देशित कहानी से एकाएक सुर्खियों में आई अभिनेत्री कियारा आडवाणी के लिए दक्षिण भारत से उनके जन्मदिन पर खास तोहफा आया है। ये तोहफा भेजा है वहां के दिग्गज फिल्म निर्माता दिल राजू और फिल्म निर्देशक शंकर ने। जी हां, कियारा आडवाणी को इन दोनों ने अपनी अगली फिल्म में हीरोइन के लिए फाइनल किया है, जिसके हीरो के तौर पर सुपरस्टार राम चरण के नाम का एलान पहले ही हो चुका है। इस मेगा बजट फिल्म के लिए हीरोइन की तलाश लंबे समय से चलती रही है और निर्देशक शंकर ने इस बारे में मुंबई की तमाम दूसरी हीरोइनों के नामों पर भी विचार किया, लेकिन आखिर में लॉटरी कियारा आडवाणी के नाम की निकली और वह भी उनके जन्मदिन के खास मौके पर।