करण जौहर की फिल्म कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस के इतिहास की फ्लॉप फिल्मों में सबसे चर्चित फिल्म ‘धड़क’ बनाकर इसके लीड सितारों जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर का करियर खतरे में डालने वाले निर्देशक शशांक खेतान पर निर्माता करण जौहर का भरोसा कम नहीं हुआ है। विक्की कौशल, भूमि पेडनेकर और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म ‘गोविंदा नाम मेरा’ की शूटिंग पूरी कर चुके शशांक को अब साउथ की सुपरस्टार रश्मिका मंदाना को चमकाने की जिम्मेदारी मिली है। चुनौती ये है कि रश्मिका की इस नई फिल्म में जौहर ने हीरो के तौर पर टाइगर श्रॉफ का नाम फाइनल किया है, जिनकी पिछली फिल्म ‘हीरोपंती 2’ साल की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शामिल रही है।