अक्सर फिल्मी सितारे लाइमलाइट में बने रहते हैं। कभी व्यक्तिगत कारणों से तो कभी उनके फैंस ही उन्हें ट्रोल कर देते हैं। बॉलीवुड सेलेब्स और विवाद यूं मान लीजिए कि साथ-साथ ही चलते हैं। ऐसे में कई बातें खुलकर सामने आ जाती हैं। कभी-कभी तो सितारों के बीच चल रही गर्मा-गर्मी भी दर्शकों तक पहुंच जाती है। चलिए आपको बताते हैं इस हफ्ते कौन-कौन से सितारे लाइमलाइट में बने रहे।
कंगना रणौत
इस सूची में सबसे पहले बात करेंगे पंगा गर्ल यानी कंगना रणौत की। भला ऐसा हो सकता है कि विवादों की बात हो और कंगना का नाम ना आए। कंगना अक्सर ट्रोलिंग का शिकार हो जाती हैं। इस हफ्ते भी कंगना जबरदस्त सुर्खियों में रहीं। हाल ही में यामी गौतम और आदित्य धर की शादी ने बी-टाउन में खलबली मचा दी थी। उनकी तस्वीरें भी जमकर वायरल हुई थीं। ऐसे में आयुष्मान खुराना और विक्रांत मेसी ने भी यामी की तस्वीरों पर कमेंट किया था। बात सिर्फ यहीं नहीं खत्म हो जाती, पंगा गर्ल कंगना भी इस बीच कूद पड़ीं और दोनों को ज्ञान दे डाला। दरअसल, विक्रांत ने यामी की शादी की तस्वीरों पर कमेंट किया, 'राधे मां की तरह शुद्ध और पवित्र।' वहीं इसपर कंगना बोलती हैं, 'कहां से निकला ये कॉक्रोच, लाओ मेरी चप्पल।' वहीं आयुष्मान खुराना ने भी कमेंट कर यामी को शुभकामनाएं दी थीं जिसपर कंगना ने उन्हें भी ज्ञान दे दिया था।