फिल्म का अहम हिस्सा है यह गीत
यह गीत फिल्म का एक अहम हिस्सा है, जो कहानी को आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसे सोनू निगम ने अपने सुरों से सजाया है। लंबे समय बाद शाहरुख खान के लिए सिंगर ने अपनी आवाज दी है। जावेद अख्तर के जादुई बोल पर प्रीतम की रचना वास्तव में इसे खास बनाती है।
जावेद अख्तर का दिलचस्प खुलासा
डंकी के लिए शाहरुख के साथ दोबारा जुड़ने के बारे में पूछे जाने पर जावेद अख्तर ने गाने के बारे में एक दिलचस्प कहानी साझा की। उन्होंने खुलासा करते हुए बताया, "इस फिल्म में मैंने केवल एक गाना दिया है। दिलचस्प बात यह है कि राजू हिरानी ने इसको लिखने के लिए उनसे विशेष रूप से अनुरोध किया था। मुझे आशा है कि आप गीत का आनंद लेंगे।''
पहले लिखे गए बोल, फिर तैयार हुआ संगीत
उन्होंने आगे कहा, ''आमतौर पर मैं धुन तैयार होने के बाद गीत लिखता हूं, लेकिन प्रीतम ने उदारतापूर्वक सुझाव दिया कि मैं पहले गीत लिखूं और वे उसी के मुताबिक संगीत तैयार करेंगे। उन्होंने शानदार काम किया है।'' बता दें कि अभिजात जोशी, राजकुमार हिरानी और कनिका ढिल्लों द्वारा लिखित 'डंकी' चार दोस्तों की दिल छू लेने वाली कहानी है।