इंडियन आइडल शो इतने सालों से लोगों के दिलों पर राज कर रहा है। साल 2004 में इस शो की शुरुआत हुई थी, आज ये शो और साथ ही इसमें हिस्सा लेने वाले कई प्रतियोगी घर-घर में मशहूर हैं। हर साल की तरह इस साल भी इंडियन आइडल के नए सीजन में कई ऐसे प्रतियोगी आए, जिन्होंने सबका दिल जीत लिया। इन्हीं में से एक प्रतियोगी हैं अरुणिता कांजीलाल। अरुणिता इस सीजन की सबसे लोकप्रिय प्रतियोगी हैं। वे जब भी स्टेज पर उतरती हैं तो उनकी सिंगिंग से हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है। सोशल मीडिया पर उनके गानों को प्रशंसक बार-बार सुनते हैं, वहीं जब वो परफॉरमेंस देती हैं तो जज भी उनके लिए खड़े होकर ताली बजाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा हुआ, जहां उन्हें शो में नई जज बनकर आईं सोनू कक्कड़ ने एक खास तोहफा दिया।
नई जज बनकर आईं सोनू कक्कड़
सोनू कक्कड़ की छोटी बहन नेहा कक्कड़ इस शो में जज के रूप में नजर आ रही थीं। लेकिन पिछले कुछ समय से वो शो से गायब हैं। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक हिमेश के बाद नेहा भी शो में अपनी वापसी करने वाली हैं, लेकिन कब ये अब तक किसी को नहीं पता। नेहा की जगह फिलहाल सोनू कक्कड़ शो में हिमेश रेशमिया और अनु मलिक के साथ मिलकर जज की कुर्सी संभाल रही हैं। सोनू कक्कड़ भी पेशे से एक सिंगर हैं। जज बनकर आईं सोनू अरुणिता की परफॉरमेंस देखने के बाद खुद को रोक नहीं पाईं और स्टेज पर जाकर उन्हें खास सम्मान दिया।