फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IIFA 2022: आईफा ने अबू धाबी में जमाई हिंदी की धमक, सलमान बोले- यह भारतीय सिनेमा के विश्वस्तरीय जलसे का मौका

विज्ञापन
1 of 5
आईफा 2022 - फोटो : अमर उजाला अबू धाबी
इंडियन इंटरनेशनल फिल्म अकादमी (आईफा) पुरस्कार के 22वें संस्करण का श्रीगणेश आज यहां अबू धाबी के एतिहाद एरेना सेंटर में हुआ तो भारतीय फिल्म जगत के सितारों समेत कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग भावुक हो उठे। अबू धाबी के पर्यटन विभाग के महानिदेशक ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का स्वागत हिंदी में किया तो देर तक तालियां बजती रहीं। करीब ढाई साल बाद फिल्मी सितारों को उनके प्रशंसकों तक पहुंचाने वाला ये सबसे बड़ा मेला विदेश पहुंचा है और जिस देश में पहुंचा है वहां की एक चौथाई आबादी भारतीय है। संयुक्त अरब अमीरात सरकार देश में फिल्मों की शूटिंग पर 30 फीसदी तक की आर्थिक मदद दे रही है और इस मौके पर अबू धाबी फिल्म आयोग की तरफ से यहां एक विशाल फिल्म सिटी स्थापित करने का भी एलान किया गया। अबू धाबी पर्यटन विभाग, यस आईलैंड प्रशासन और आईफा के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए आईफा 2022 का पहला दिन दुनिया भर से यहां पहुंचे पत्रकारों के सामने अगले दो दिन कार्यक्रम के विवरण पर केंद्रित रहा।
विज्ञापन

2 of 5
आईफा 2022 में सलमान खान - फोटो : अमर उजाला अबू धाबी
सलमान खान के नाम रही शाम
अबू धाबी में शुक्रवार और शनिवार को प्रस्तावित आईफा रॉक्स और आईफा अवार्ड में शाहिद कपूर से लेकर रितेश देशमुख, टाइगर श्रॉफ, कार्तिक आर्यन, अनन्या पांडे, सारा अली खान, देवी श्री प्रसाद और यो यो हनी सिंह जैसे दिग्गजों की प्रस्तुतियां होनी हैं। इन सभी कलाकारों ने गुरुवार के कार्यक्रम में एक एक करके अपनी तैयारियों के बारे में बताया। लेकिन इस विश्व मीडिया संवाद का केंद्र रहे सलमान खान। सलमान खान ने कहा कि आईफा एक विचार की तरह आगे बढ़ा है और इसके 22वें संस्करण के अबू धाबी की मेजबानी करने का उन्हें भी इंतजार है। अबू धाबी को अपनी पसंदीदा जगहों में से एक बताते हुए सलमान ने कहा कि आईफा भारतीय सिनेमा को विश्व स्तर पर मनाता है और इस जलसे का इंतजार दुनिया भर के लोगों को है।
विज्ञापन

3 of 5
आईफा 2022 में भारत के राजदूत संजय सुधीर - फोटो : अमर उजाला अबू धाबी
यहां तो बॉम्बे ही है
संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत संजय सुधीर ने इस मौके पर भारत और संयुक्त अरब अमीरात के मजबूत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों की बात करते हुए कहा कि आईफा के लिए अबू धाबी सबसे उपयुक्त स्थान है। मुंबई को बॉम्बे कहकर बुलाते हुए उन्होंने कहा कि ये शहर दुनिया के इस हिस्से में अब भी इसी नाम से जाना जाता है। इस शहर से अमीरात के लोगों का रिश्ता पीढ़ियों से रहा है और संयुक्त अरब अमीरात को भारत से जोड़ने वाला ये सबसे बड़ा बंदरगाह भी रहा है। अब ये रिश्ता और ऊर्जावान हो रहा है। व्यापार और निवेश के नए समझौते बन रहे हैं। ऐसे में आईफा दोनों देशों  और दोनों देशों के लोगों के बीच व्यक्तिगत रिश्ते भी बना रहा है।

4 of 5
अबू धाबी फिल्म कमीशन के प्रमुख हैंस फ्रैंकिन - फोटो : अमर उजाला अबू धाबी
शूटिंग करने पर 30 फीसदी नकदी वापस
आईफा 2022 की प्रेस कांफ्रेंस में सबसे सटीक और सबसे उपयोगी बातें की अबू धाबी फिल्म कमीशन के प्रमुख हैंस फ्रैंकिन ने। उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्मों की शूटिंग अबू धाबी में करना बहुत आसान है। ऋतिक रोशन की फिल्म ‘विक्रम वेधा’ की हाल ही में संपन्न शूटिंग में 2500 भारतीयों की जरूरत को हमने चुटकी बजाते पूर कर दिया। यह यहां की खासियत है क्योंकि दुनिया में सबसे ज्यादा भारतीय अगर भारत के अलावा किसी दूसरे देश में रहते हैं तो वह संयुक्त अरब अमीरात ही है। फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ के लिए बने सेट को पर्यटकों के लिए संरक्षित होने की जानकारी भी हैंस ने इस मौके पर दी और बताया कि अबू धाबी में जिन फिल्मों की शूटिंग होती है, उनकी लागत की 30 फीसदी नकदी वापस आर्थिक सहायता के  रूप में वापस कर दी जाती है। उन्होंने जल्द ही अबू धाबी में दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी की स्थापना की भी घोषणा की। इसका क्षेत्रफल 45 लाख वर्ग गज होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
अबू धाबी के पर्यटन विभाग के महानिदेशक मोहम्मद सालेह अल गीजरी - फोटो : अमर उजाला अबू धाबी
हिंदी में किया स्वागत
अबू धाबी के पर्यटन विभाग के महानिदेशक मोहम्मद सालेह अल गीजरी ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का स्वागत करते हुए हिंदी में कहा, ‘आईफा में आप सबका स्वागत है।’ कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पर देर तक दिल खोलकर तालियां भी बजाईं। इसके बाद अपना संबोधन अंग्रेजी में जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात भारतीय फिल्म सितारों का दूसरा घर बनता जा रहा है और खासतौर से हिंदी फिल्मों की यहां लगातार शूटिंग होने स ये रिश्ता और मजबूत हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें