विक्की कौशल की करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन्स बैनर तले बनी फिल्म 'गोविंदा नाम मेरा' डिज्नी प्लस हॉट स्टार पर रिलीज हो गई। फिल्म में विक्की कौशल के अलावा एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर और कियारा आडवाणी लीड रोल में हैं। यह कॉमेडी और मर्डर मिस्ट्री पर आधारित थ्रिलर है। फिल्म में विक्की कौशल कोरियोग्राफर बने हैं और इसे वह एक डांस फिल्म करने की अपनी ख्वाहिश पूरी करने वाली फिल्म बता रहे हैं। फिल्म कैसी बनी है, ये इसी बात से साबित हो जाता है कि सिनेमाघरों में रिलीज के लिए बनी इस फिल्म को इसके मेकर्स ने ही सिनेमाघरों में रिलीज करने लायक नहीं समझा और इसे सीधे डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज कर दिया। विक्की कौशल को फिल्मों में काम करते हुए लंबा समय बीत रहा है लेकिन सोलो हीरो के तौर पर उनकी पहचान बनना अब भी बाकी है। आइए जानते हैं विक्की कौशल का अब तक का रिपोर्ट कार्ड
विज्ञापन
2 of 10
मसान
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
मसान (2015)
फिल्म ‘मसान’ का निर्देशन नीरज घेवन ने किया और फिल्म के निर्माताओं में अनुराग कश्यप से लेकर विकास बहल, विक्रमादित्य मोटवाने, मनीष मूंदड़ा, गुनीत मोंगा और शान व्यास तक शामिल रहे। अनुराग कश्यप के जबर्दस्त पीआर के चलते फिल्म कान फिल्म समारोह तक पहुंची और देश दुनिया में इसके बारे में खूब लिखा गया। हालांकि सात करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन तीन करोड़ 80 लाख के आसपास ही सिमट गया। नीरज घेवन तब से अब भी अपनी अगली फीचर फिल्म के ऐलान की राह देख रहे हैं।
जुबान (2015)
फिल्म 'जुबान' एक युवा लड़के दिलशेर की कहानी है, जो अपना विश्वास खो देता है। फिल्म के निर्देशक मोजेज सिंह और निर्माता गुनीत मोंगा हैं। बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इस फिल्म का प्रीमियर हुआ। इस फिल्म का हो हल्ला खूब हुआ। पीआर मशीनरी ने इस फिल्म को कालजयी फिल्म बताने में कोई कसर नहीं छोड़ा लेकिन फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन मात्र 38 लाख रुपये का ही हुआ।
4 of 10
रमन राघव 2.0
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
रमन राघव 2.0 (2016)
अनुराग कश्यप के फेवरिट हीरो बन चुके विक्की कौशल को अनुराग ने फिल्म 'रमन राघव 2.0' में लीड रोल दिया। ये फिल्म उस सीरियल किलर रमन राघव से प्रेरित है जिसने 60 के दशक में मुंबई में कई हत्याएं की थी। नवाजुद्दीन सिद्दीकी सीरियल किलर बने और विक्की कौशल ने पुलिस इंस्पेक्टर। कान फिल्म फेस्टिवल तक ये फिल्म भी ले जाई गई। यहां भारत में जब फिल्म रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई दहाई करोड़ तक भी नहीं पहुंची। हालांकि, तीन करोड़ पांच लाख रुपये में बनी फिल्म सात करोड़ रुपये कमाकर हिट फिल्म की श्रेणी में जरूर आ गई।
विज्ञापन
5 of 10
राजी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
राजी (2018)
हरिंदर सिक्का के उपन्यास कॉलिंग सहमत पर आधारित फिल्म 'राजी' मूल रूप से आलिया भट्ट की फिल्म है। फिल्म में विक्की कौशल पाकिस्तानी सेना के अफसर बने हैं। जासूस के रूप में आलिया भट्ट ने अभिनय के नए प्रतिमान स्थापित किए और यहीं से उनका सफर हिंदी सिनेमा की नंबर वन हीरोइन के लिए शुरू हो गया। मेघना गुलजार निर्देशित इस फिल्म का बजट रहा 37 करोड़ रुपये और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन हुआ 123 करोड़ 83 लाख रुपये।
विज्ञापन
6 of 10
संजू
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
संजू (2018)
फिल्म ‘राजी’ ने विक्की कौशल को हिंदी सिनेमा में एक ऐसे कलाकार की पहचान दी जो फोकस में रहने वाले कलाकार के साथ रहने वाले की भूमिका अच्छे से निभा सकता है। फिल्म 'संजू' ने उनकी इस पहचान को और पुख्ता किया। रणबीर कपूर के साथ वह फिल्म में कमली बने। उनके अभिनय की तारीफें भी खूब हुईं। 96 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने कमाई के तमाम रिकॉर्ड तोड़ते हुए 586.08 करोड़ रुपये बॉक्स ऑफिस पर कमा डाले।
विज्ञापन
7 of 10
मनमर्जियां
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
मनमर्जियां (2018)
विक्की कौशल को फिर एक बार लीड हीरो के रूप में पेश करने का बीड़ा उठाया उनके मेंट़ॉर अनुराग कश्यप ने फिल्म ‘मनमर्जियां’ में। फिल्म में तापसी पन्नू और अभिषेक बच्चन भी हैं और सारी लाइम लाइट फिल्म की ये दोनों कलाकार ही लूट ले गए। विक्की कौशल की इमेज एक बार फिर सपोर्टिंग हीरो के तौर पर ही मजबूत हुई। फिल्म की रिलीज के आसपास अनुराग कश्यप का फिल्म में पैसा लगाने वाली कंपनी से पंगा भी हुआ। करीब 30 करोड़ रुपये में बनी ये फिल्म बमुश्किल बॉक्स ऑफिस पर 40.39 करोड़ रुपये बटोर पाई।
8 of 10
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक (2019)
विक्की कौशल को बतौर लीड हीरो पहली बार कायदे की पहचान दिलाई फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' ने। निर्देशक आदित्य धर और निर्माता रॉनी स्क्रूवाला की ये फिल्म साल 2019 की स्लीपर हिट साबित हुई। 46 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 357 करोड़ रुपये तक पहुंचा। लेकिन, न तो विक्की कौशल और न ही आदित्य धर इस फिल्म से मिली पहचान का फायदा उठा पाए। दोनों मिलकर एक फिल्म ‘अश्वत्थामा’ बनाने वाले थे, लेकिन बताते हैं कि अहं के टकराव के चलते ये फिल्म बंद हो गई।
9 of 10
भूत पार्ट वन : द हॉन्टेड शिप
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
भूत पार्ट वन : द हॉन्टेड शिप (2020)
अनुराग कश्यप की करण जौहर से हुई दोस्ती ने धर्मा प्रोडक्शंस में कई ऐसे लोगों को काम दिलाया जिनकी इकलौती योग्यता उनकी अनुराग कश्यम से जान पहचान रही। अनुराग कश्यप की अपनी पहचान शुरू में बड़े प्रोडक्शन घरानों को बात बात में निशाने पर रखने की ही रही और इस दमदार ब्रांडिंग को उन्होंने बाद में इन्हीं घरानों से काम पाकर खत्म कर लिया। विक्की कौशल की धर्मा प्रोडक्शंस में एंट्री फिल्म 'भूत पार्ट वन : द हॉन्टेड शिप' में हुई। फिल्म का निर्देशन भानु प्रताप सिंह ने किया और फिल्म के निर्माता रहे करण जौहर, अपूर्वा मेहता और शशांक खेतान। फिल्म पहले हफ्ते में ही फ्लॉप घोषित हो गई।
सरदार उधम
शूजीत सरकार के निर्देशन में बनी इस फिल्म का प्रचार एक ऐसी फिल्म के रूप में किया गया जिसमें देश की तरफ से ऑस्कर में जाने का दमखम है। जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने की सरदार उधम सिंह की कोशिशों पर बनी ये फिल्म सिनेमाघर खुल जाने के बाद भी सीधे ओटीटी पर रिलीज हुई। करीब 60 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म को प्राइम वीडियो ने अच्छी रकम का ऑफर दिया। फिल्म को ओटीटी पर देखा भी खूब गया और इसी फिल्म के बाद से विक्की कौशल की गिनती उन सितारों में होने लगी जिनकी फिल्में लोग सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी पर देखना ज्यादा पसंद करते हैं।