फिल्मों को पसंद करने वाले दर्शकों की नजरें मनोरंजन जगत पर बनी रहती हैं और इस इंडस्ट्री से जुड़े सितारे रोजाना किसी न किसी वजह से चर्चा में बने रहते हैं। फिल्मी रैप में हम आपको दिन भर की मनोरंजन जगत की बड़ी खबरें एक ही जगह पर बताते हैं। सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' के ट्रेलर रिलीज की डेट सामने आ गई है और अजय देवगन की फिल्म 'थैंक गॉड' की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इसके अलावा और सिनेमा जगत में क्या कुछ हुआ? आइए 10 खबरों के जरिए बताते हैं।
फिल्म ‘अग्निपथ’ के बाद दूसरी बार फिल्म ‘विक्रम वेधा’ में दमदार अभिनेता ऋतिक रोशन बड़े परदे पर एक निगेटिव किरदार करने जा रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर औसत होने के बावजूद फिल्म की रिलीज से पहले का माहौल भी ठीक ठाक बन गया है। लेकिन, फिल्म की रिलीज से सिर्फ 13 दिन पहले शनिवार को फिल्म का जो गाना ‘अल्कोहलिया’ टीसीरीज ने रिलीज किया है, उसने यूं लगता है कि सारे किए कराए पर पानी फेर दिया है। गणेश हेगड़े की कोरियोग्राफी और गाने के बोल फिल्म ‘विक्रम वेधा’ की आत्मा से कतई मेल नहीं खा रहे हैं। गौरतलब है कि ऋतिक रोशन, सैफ अली खान और राधिका आप्टे की फिल्म ‘विक्रम वेधा’ 30 सितंबर 2022 को रिलीज होने जा रही है।
बॉलीवुड क्वीन कंगना रणौत इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'इमरजेंसी' को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। धीरे-धीरे उनकी फिल्म से जुड़े कलाकारों के रोल्स और लुक्स का खुलासा होता जा रहा है। देश की सबसे बड़ी राजनीतिक घटना पर बन रही इस फिल्म में कंगना देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाती हुई नजर आएंगी। वह अक्सर अपनी फिल्म से जुड़ी खास बातें सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाती रहती हैं। ऐसा ही कुछ अभिनेत्री ने आज किया है। कंगना रणौत ने आज सोशल मीडिया पर एक फिल्म के लिए किरदार में ढलते समय खुद को खोने की बात कही है।
आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' एक बड़े बजट की फिल्म थी लेकिन फिर भी ये बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई। इसे बायकॉट का असर कहें या कुछ और लोगों ने फिल्म को सिरे से नकार दिया। हालांकि मेकर्स का कहना है कि उन्हें इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है। फिल्म के हिट और फ्लॉप होने की बात पर एक इंटरव्यू के दौरान अभिनेत्री मोना सिंह (जिन्होंने फिल्म में आमिर की मां का किरदार अदा किया है) ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
साल 2022 हिंदी सिनेमा के लिए कुछ खास नहीं गुजर रहा है। बीते कुछ महीनों में बॉलीवुड की हर बड़ी फिल्म को बायकॉट का सामना करना पड़ा है, जिस वजह से फिल्मों का कलेक्शन भी नुकसान में रहा। इन दिनों सिनेमाघरों में पैन इंडिया लेवल पर रिलीज हुई फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' लगी हुई है। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को भी जबरदस्त बायकॉट का सामना करना पड़ा। इन सबके बीच, अब 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने बायकॉट ट्रेंड पर अपना बयान दिया है और इस कल्चर को अच्छा बताया है।
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा स्टारर फिल्म 'थैंक गॉड' रिलीज से पहले ही लगातार विवादों में बनी हुई है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसका विरोध जारी है। फिल्म पर जहां कायस्थ समुदाय ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए दोनों कलाकारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है तो वहीं अब इस फिल्म से जुड़ी एक और बुरी खबर सामने आई है। बायकॉट की मांग के बाद बीते दिनों इस फिल्म को बैन करने की मांग की जा रही थी। ऐसे में अब खबर आ रही है कि इस फिल्म को बैन कर दिया गया है।
बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना इंडस्ट्री के लोकप्रिय और प्रतिभाशाली एक्टर्स में से एक हैं। अभिनेता अपने अनोखे किरदार और शानदार अभिनय के जरिए कम समय में ही इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली है। आयुष्मान ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है। इन्हीं फिल्मों में से एक फिल्म 'ड्रीम गर्ल' को लोगों ने काफी पसंद किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी काफी हिट रही थी। फिल्म को मिली सफलता के बाद अब मेकर्स जल्द ही इसका सीक्वल रिलीज करने की तैयारी में हैं। इसी क्रम में हाल ही में मेकर्स ने 'ड्रीम गर्ल 2' की घोषणा कर दी है।
शाहरुख, प्रकाश झा और अक्षय कुमार
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म निर्माता और अभिनेता प्रकाश झा ने अप्रत्यक्ष रूप से शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन पर तंज कसा है। प्रकाश झा ने तीनों अभिनेताओं को 'टॉप एक्टर्स' के नाम से संबोधित कर उनपर निशाना साधा है। प्रकाश झा ने साक्षात्कार के दौरान पान मसाला ब्रांड्स का समर्थन करने वाले बॉलीवुड अभिनेताओं पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा, "वह अपनी फिल्म के कंटेंट की परवाह क्यों करेंगे? पान मसाला का एक विज्ञापन करने पर ही उनके बैंक खातों में 50 करोड़ रुपये आ जाते हैं। मुझे तो समझ नहीं आ रहा, ये दिग्गज अभिनेता क्या कर रहे हैं?"
अभिनेता ऋतिक रोशन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'विक्रम वेधा' को लेकर चर्चा में हैं। दर्शकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। बता दें कि ऋतिक की यह फिल्म साउथ की इसी नाम की फिल्म का रीमेक है। फिल्म की रिलीज डेट जैसे-जैसे सामने आ रही है, ऋतिक रोशन जोर-शोर से इसके प्रमोशन में जुटे हैं। हाल ही में वह इस फिल्म के सॉन्ग लॉन्च इवेंट में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पर्दे पर वापसी को लेकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान ऋतिक रोशन ने एक हैरान कर देने वाला खुलासा किया।
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान बीते लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म का इंजतार कर रहे हैं। आखिरी बार फिल्म ‘अंतिम’ में नजर आए सलमान खान अब अपनी बैक-टू-बैक फिल्मों के साथ फैंस का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। इस महीने की शुरुआत में ही अभिनेता ने अपनी एक नई फिल्म का एलान करते हुए टीजर जारी किया था। फिल्म किसी का भाई किसी की जान के टीजर में सलमान का फर्स्ट लुक देखने के बाद से ही फैंस बेसब्री से इसकी रिलीज और ट्रेलर का इंतजार करे रहे हैं। ऐसे में अब फैंस के लिए फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है।
स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले नंबर वन सीरियल 'अनुपमा' में रूपाली गांगुली के लाडले बेटे समर का किरदार निभा लोगों का दिल जीतने वाले पारस कलनावत किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वह भी अपनी एक्स गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया सेंसेशन उर्फी जावेद की तरह ही अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। अपने काम के साथ-साथ दोनों का आपसी रिश्ता भी इन दिनों खूब लाइमलाइट बटोर रहा है। कभी उर्फी तो कभी पारस दोनों एक-दूसरे के बारे में आजकल मीडिया के सामने खुलकर बात कर रहे हैं। पारस और उर्फी जावेद का बीता हुए कल भी लोगों के बीच खूब सुर्खियों में है। पिछले दिनों 'झलक दिखला जा' के सेट पर हुई लड़ाई के बाद, अब पारस कलनावत ने एक्स गर्लफ्रेंड उर्फी जावेद के बर्ताव को लेकर एक ऐसा खुलासा किया जिसे सुन सभी अचंभित हैं।