बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने एक पड़ोसी केतन कक्कड़ पर मानहानि का मुकदमा दायर किया था, जो सलमान खान के पनवेल स्थित फार्महाउस के पास एक जमीन का मालिक है। अभिनेता ने अपने पड़ोसी पर आरोप लगाया है कि वह उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। सलमान खान के मुताबिक, केतन कक्कड़ ने एक यू-ट्यूब चैनल के साथ इंटरव्यू में अभिनेता को बदनाम किया है। वहीं, अब इस मामले में मुंबई सिटी सिविल कोर्ट का शुक्रवार को फैसला सामने आया है, जिसमें कोर्ट ने सलमान खान के पक्ष में कोई अंतरिम आदेश पारित करने से इनकार कर दिया है। जज अनिल एच लद्दाद ने सलमान खान की याचिका पर केतन कक्कड़ को अपना जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी को होगी। कोर्ट में सलमान खान का पक्ष डीएसके लीगल के वकीलों ने रखा जिन्होंने कोर्ट से एक आदेश की मांग करते हुए कहा कि इस मामले की सुनवाई के दौरान केतन कक्कड़ द्वारा किसी भी तरह का मानहानिक बयान नहीं दिया जाए।