मुंबई के मशहूर पंचसितारा होटल जे डब्ल्यू मैरियट में शनिवार की दोपहर जिस मेगा रियलिटी शो 'ग्लैम फेम' की लॉन्चिंग होने जा रही है, उसमें काम करने से सेलेब्रिटी कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने इंकार कर दिया है। शो बनाने वाली कंपनी व्हाटएवर प्रोडक्शंस की तरफ से शुक्रवार शाम मीडिया को भेजे गए आमंत्रण में मुकेश छाबड़ा के अलावा अभिनेता नील नितिन मुकेश, रोहित खंडेलवाल, तमन्ना भाटिया और फोटोग्राफर डब्बू रत्नानी के नाम भी शामिल हैं। ‘अमर उजाला’ से एक एक्सक्लूसिव बातचीत में मुकेश ने बताया कि इस शो के बनाने वाले उनसे मिलने आए थे लेकिन जब उन्हें पता चला कि शो में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों से पैसे वसूले जा रहे हैं, तो उन्होंने शो करने से मना कर दिया।