इस साल वैलेंटाइंस डे से अगले हफ्ते रिलीज हुई धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म भूत पार्ट वन- द हॉन्टेड शिप का एक किरदार है, प्रोफेसर रघुवीर जोशी। जोशी इस कहानी में जो कर रहा है, वही काम 18 साल पहले आई फिल्म राज की कहानी में करते दिखे थे, प्रोफेसर अग्नि स्वरूप। किरदार अलग अलग। बीच में 18 साल का लंबा फासला। लेकिन, अभिनेता एक यानी आशुतोष राणा। इन दोनों किरदारों की चर्चा यहां इसलिए क्योंकि आज ही के दिन साल 1998 में रिलीज हुई फिल्म दुश्मन से जिस आशुतोष राणा ने हिंदी सिनेमा में बतौर विलेन अपना पहला बड़ा कदम बढ़ाया, उस कलाकार के लिए हिंदी सिनेमा पिछले 18 साल से कोई दमदार रोल ही नहीं लिख सका है।
सोनचिड़िया, सिम्बा, मुल्क, शबनम मौसी, एलओसी कारगिल और हासिल जैसी फिल्में तो ठीक हैं, लेकिन फिल्म दुश्मन के गोकुल पंडित जैसा किरदार आशुतोष राणा के करियर में इस फिल्म के अगले ही साल संघर्ष में हुआ और फिर कभी नहीं हुआ। हिंदी सिनेमा में गब्बर सिंह, मौगेम्बो, लॉयन, शाकाल की गिनती का विलेन है गोकुल पंडित। ये उस दौर की फिल्म है जब भट्ट भाइयों की फिल्म फैक्ट्री फिल्म पर फिल्म छाप रही थी। सैटेलाइट टीवी चैनल घर घर पहुंच रहे थे। डीवीडी चलन में थी और लोग किसी भी अंग्रेजी फिल्म की नकल झट से पहचान लेते थे। लोगों को महेश भट्ट की इस कहानी में सैली फील्ड की फिल्म आई फॉर एन आई का अक्स दिखा, हालांकि इस फिल्म से अपना निर्देशन करियर शुरू कर रहीं तनूजा चंद्रा ने इस बात को कभी माना नहीं। हां, वह ऑन रिकॉर्ड ये जरूर कह गईं कि फिल्म दुश्मन में बलात्कार का सीन वाकई फिल्म आई फॉर एन आई में बलात्कार के सीन की हू ब हू कॉपी है।