बीवी नं. वन
- फोटो : instagram
वाशू भगनानी के रफ्तार से भागते करियर में जब तक अभिषेक बच्चन की फिल्म तेरा जादू चल गया का मोड़ नहीं आया था, वह अपना दिल मसाला फिल्मों पर ही छोड़ आए थे। दिन रात इस बात में बिताते कि साउथ की कौन सी फिल्म तगड़ी कमाई कर रही है या कौन सी कहानी किसी गैर हिंदी फिल्म की ऐसी होगी, जो कमाल का कारोबार हिंदी सिनेमा में भी करेगी। जुहू की एक दुछत्ती में एक छोटा सा दफ्तर उनका हुआ करता था, जिसमें डर लगा रहता था कि कहीं सीधे खड़े होने पर सिर छत से न टकरा जाए।
वाशू भगानी ने बीवी नंबर वन बनाई अपने पुराने दोस्त निर्देशक डेविड धवन के साथ। डेविड धवन का करियर गोविंदा और संजय दत्त की 1989 में रिलीज हुई फिल्म ताकतवर से शुरू हुआ। ये फिल्म तो कुछ खास कारोबार नहीं कर पाई लेकिन इस फिल्म से गोविंदा और डेविड धवन की जो दोस्ती हुई वो 17 फिल्मों तक चली। लेकिन, दिलचस्प बात ये है कि गोविंदा ने फिल्म बीवी नंबर वन साइन करने के बाद फिल्म में काम करने से मना कर दिया था। जी हां, गोविंदा फिल्म निर्माता वाशू भगनानी से फिल्म में काम करने के पैसे तक ले चुके थे। लेकिन, एक दिन पता नहीं उनको क्या सूझा कि उन्होंने ये सारे पैसे वाशू को वापस कर दिए। गोविंदा ने तर्क ये दिया कि साजन चले ससुराल और अनाड़ी नंबर वन में वह वैसे ही छिछोरे पति का रोल कर चुके हैं और वैसा ही एक रोल और करके अपनी इमेज नहीं खराब करना चाहते। हालांकि, फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े लोग बताते हैं कि ये फिल्म गोविंदा ने फिल्म की हीरोइन सुष्मिता सेन से ट्यूनिंग न बनने के कारण छोड़ी।