देसी बॉक्स ऑफिस पर लगातार हो रही विफल हो रही हिंदी फिल्मों के बीच दक्षिण भारतीय सिनेमा की कामयाबी के बाद अब हॉलीवुड हंगामा शुरू हो गया है। मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स (एमसीयू) की नई फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस’ ने रिलीज के पहले ही दिन भारत में जबर्दस्त ओपनिंग ली है। 2500 से ज्यादा स्क्रीन्स पर अंग्रेजी के साथ साथ हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज हुई फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस’ का कलेक्शन हालांकि एमसीयू की पिछली फिल्म ‘स्पाइडरमैन: नो वे होम’ से कम रहा रहा लेकिन देश में अब तक रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों की पहले दिन की ओपनिंग के मामले में इसने चौथी पोजीशन पा ली है। और, इसी फिल्म ने आखिरकार बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर 2’ को पहली बार चुनौती पेश की है।