टीवी एक्टर पर्ल वी पुरी पर नाबालिग के साथ रेप और छेड़छाड़ का आरोप लगा है। एक्टर के ऊपर दर्ज किए गए पॉक्सो एक्ट के बाद इंडस्ट्री के कई सेलिब्रिटी उनके समर्थन में आ गए हैं। पर्ल वी पुरी के समर्थन में एकता कपूर, क्रिस्टर डिसूजा, निया शर्मा, करिश्मा तन्ना, अनीता हसनंदानी ने पोस्ट किया था। इसी कड़ी में अब एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार का नाम भी जुड़ गया है। दिव्या खोसला कुमार ने ना सिर्फ पर्ल वी पुरी का समर्थन किया बल्कि पीड़िता के माता-पिता पर संगीन आरोप लगाए हैं। सिर्फ यही नहीं सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस ने पीड़िता के परिवार की पहचान भी उजागर कर दी।
दिव्या खोसला कुमार ने शेयर किया पोस्ट
एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार ने पर्ल वी पुरी के सपोर्ट में काफी लंबा चौड़ा पोस्ट किया है। सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने पीड़िता के माता-पिता की फोटो और नाम सब कुछ उजागर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, कोई भी व्यक्ति किसी भी प्लेटफॉर्म से रेप पीड़िता की पहचान जाहिर नहीं कर सकता और न ही ऐसी कोई जानकारी दे सकता है, जिससे पीड़िता को पहचाने जाने की संभावना हो। सोशल मीडिया पर दिव्या खोसला कुमार को लोगों ने खरी खोटी सुनाना शुरू कर दिया है।