‘ट्रेजेडी किंग’ ने नाम से मशहूर रहे अभिनेता दिलीप कुमार जमाने को सुबकता सिसकता छोड़ चले गए। परदे पर मोहब्बत के अफसाने दर अफसाने लिखने वाले दिलीप कुमार की हालात पिछले कई साल से नाजुक चल रही थी। बीते दो महीनों उनका अस्पताल आना जाना भी लगा रहा। लेकिन, इस बार वह अस्पताल गए तो फिर कफन ओढ़कर ही घर लौटे। उनकी बेगम सायरा बानो दिन रात दिलीप कुमार की तीमारदारी में लगी रहीं और किसी बच्चे की तरह उन्हें लगातार दुलारती रहीं।
जी हां, दिलीप कुमार के दिल में एक बच्चा आखिरी दिन तक कुलांचे भरता रहा। उम्र के हिसाब से बुजुर्ग दिलीप कुमार की आखिरी तस्वीरों में उनकी आंखों में किसी बच्चे जैसी ही चमक दिखती है। सौ साल के होने की दहलीत से बस दो कदम पहले ठिठक गए इस कलाकार के दुनिया भर में फैले उनके करोड़ों फैंस उनकी सेहत की दिन रात दुआ करते रहे। सायरा बानो ने मान लिया था कि उनके शौहर का आखिरी समय नजदीक है। लेकिन वह उनके चाहने वालों को आखिरी वक्त तक दिलासा देती रहीं। दोनों की मोहब्बत ही ऐसी रही जिसमें दोनों ने कभी एक दूसरे को कमजोर नहीं होने दिया।