चिरंजीवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'गॉडफादर' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म का लोगों को लंबे समय से इंतजार है। फिल्म के ट्रेलर में चिरंजीवी के साथ सलमान खान भी दमदार एक्शन करते नजर आ रहे हैं। सलमान पहली बार इस फिल्म से साउथ इंडस्ट्री में कदम रख रहे हैं। ट्रेलर के सामने आने के बाद दोनों ही कलाकारों के फैंस की उत्सुकता काफी ज्यादा बढ़ गई है।
फिल्म में चिरंजीवी ब्रह्मा नाम के किरदार में नजर आने वाले हैं। राजनीति के दुनिया में उसके कई दुश्मन है। ट्रेलर में एक्टर अपने विरोधियों से टक्कर लेते हुए दिखते हैं। इस बीच इसमें सलमान खान की भी धमाकेदार एंट्री देखने को मिलती है। दोनों एक साथ स्क्रीन पर देखकर फैंस काफी ज्यादा खुश हैं और इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि 'गॉडफादर' मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की सुपरहिट फिल्म 'लुसिफर' का रीमेक है। इसमें चिरंजीवी के अलावा नयनतारा और सत्यदेव भी नजर आने वाले हैं। इसके साथ ही फिल्म में सलमान खान का भी एक्सटेंडेड कैमियो देखने को मिलने वाला है। जानकारी के मुताबिक इस फिल्म के लिए सलमान ने एक रुपये की भी फीस नहीं ली है। दरअसल, सलमान और चिरंजीवी अच्छे दोस्त हैं जिसकी वजह से उन्होंने इस फिल्म में फ्री में ही काम किया है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो चिरंजीवी इससे पहले फिल्म 'आचार्य' में नजर आ चुके हैं। वहीं उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट की बात करें तो वह साल 2023 में रिलीज होने वाली फिल्म 'भोला शंकर' में दिखेंगे। सलमान की बात करें तो एक्टर जल्द ही फरहाद सामजी की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' और टाइगर 3 में नजर आने वाले हैं।