इस समय पूरे देश में साउथ की फिल्मों की धूम मची हुई है। 'बाहुबली', 'पुष्पा', 'आरआरआर' और 'केजीएफ' जैसी साउथ फिल्मों से शुरू हुआ पैन इंडिया फिल्मों का सफर अब बॉलीवुड बनाम साउथ में तब्दील होते जा रहा है। जहां एक तरफ बॉलीवुड और साउथ में जंग छिड़ी हुई है, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के कई सुपरस्टार्स साउथ की फिल्मों के रीमेक बनाने में व्यस्त हैं। फिल्म निर्माता लंबे समय से दक्षिण भारतीय फिल्मों की नकल या कहें कि रीमेक करते आ रहे हैं। उन्होंने पिछले दो दशकों में सैकड़ों तमिल, तेलुगू, मलयालम, कन्नड़ फिल्मों की नकल की है और यह सफर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। दक्षिण भारतीय फिल्मों का रीमेक बनाना फिल्म निर्माताओं और अभिनेताओं के लिए एक हिट फॉर्मूला बन गया है। यहां तक कि अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार भी हर दूसरे साल इन्हीं फिल्मों का हिंदी रीमेक लेकर आ रहे हैं। साउथ में ब्लॉकबस्टर साबित होने वाली यह फिल्में बॉलीवुड में फ्लॉप हो रही हैं। यही कारण है कि रीमेक कुमार बने खिलाड़ी कुमार की ब्रैंड वैल्यू में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। पढ़िए हमारी रिपोर्ट...