बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा आज अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। अभिनेत्री ने शाहरुख खान के साथ साल 2008 में आई फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद से वह लगातार बड़े पर्दे पर अपनी काबिलियत साबित करती आ रही हैं। जन्मदिन के अवसर पर, 'बैंड बाजा बारात' की अभिनेत्री को उनके प्रशंसकों के साथ-साथ उनके को-स्टार्स और इंडस्ट्री से उनके दोस्त शुभकामनाएं दे रहे हैं। जहां एक तरफ उनके प्रशंसकों की शुभकामनाओं से उनका सोशल मीडिया भरा पड़ा है, वहीं दूसरी तरफ उनके बॉलीवुड के दोस्त भी अनुष्का को शुभकामनाएं दे रहे हैं। करीना कपूर खान, अर्जुन कपूर, प्रियंका चोपड़ा से लेकर और बहुत से सितारों ने सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।