हिंदी सिनेमा में कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं, जिन्हें अपने करियर के शुरुआती दिनों में फिल्म करते समय भाषा और लहजे की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में फिल्मों के निर्माता-निर्देशक अक्सर डायलॉग्स के लिए किसी अन्य कलाकार या फिर अन्य अभिनेत्रियों की मदद लेते। आपको ये जानकर हैरानी होगी की इंडस्ट्री में कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं, जिनकी डेब्यू फिल्म से उनकी ओरिजनल आवाज गायब है। हालांकि, आगे चलकर अपनी आवाज से ही इन्होने दर्शकों का दिल जीता। आज हम आपको बॉलीवुड की ऐसी ही अभिनेत्रियों के बारे में बताएंगे, जिनकी डेब्यू फिल्म में आवाज डब की गई।
श्रीदेवी
श्रीदेवी ने चार साल की उम्र से ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने वर्ष 1967 में तमिल फिल्म 'मुरुगा' में बतौर चाइल्ड एक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी। जबकि बॉलीवुड में उन्होंने साल 1979 में आई फिल्म 'सोलवां सावन' से डेब्यू किया था। हालांकि उनकी पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई। श्रीदेवी ने जब बॉलीवुड में शुरुआत की, तब वे हिन्दी में बात करने में सहज नहीं थीं। इसलिए हिंदी फिल्मों में उनकी आवाज ज्यादातर नाज द्वारा डब जाती थी। फिल्म 'आखिरी रास्ता' में श्रीदेवी की आवाज को अभिनेत्री रेखा ने डब किया था। उन्होंने पहली बार फिल्म 'चांदनी' में अपने संवाद के लिए डब किया था।