देश की हिंदी फिल्म इंडस्ट्री इकलौती ऐसी इंडस्ट्री है, जहां पर कभी छुट्टी नहीं होती। न होली, न दिवाली, न ईद, न क्रिसमस। यहां तक कि राष्ट्रीय पर्वों तक पर लोग काम पर लगे रहते हैं। इसी साल की शुरुआत में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली तमाम यूनियनों की फेडरेशन यानी कि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने रविवार को शूटिंग बंद रखने के साथ ही सूची जारी करके साल में 12 और छुट्टियों का ऐलान किया था, लेकिन फेडरेशन की कौन कितनी सुनता है, ये इसी बात से जाहिर है कि इस सूची के जारी होने के 10 महीने बाद भी छुट्टियां लागू नहीं हो पाई हैं। निर्माताओं की संस्था फेडरेशन को मानती ही नहीं हैं और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर महाराष्ट्र में अमल हो पाना कितना मुश्किल है, ये भी इस मामले से समझ आ जाता है।