अभिनेता बॉबी देओल को फिल्म ‘एनिमल’ से अपने करियर के लिए जो संजीवनी मिली है, उससे वह इन दिनों काफी अभिभूत हैं। फिल्म की सफलता के बारे में बातें करते हुए बॉबी बार बार भावुक भी हो जाते हैं। अपने पिता धर्मेंद्र और बड़े भाई सनी देओल को इतना खुश उन्होंने पहले कम ही देखा है। अपने बच्चों आर्यमन और धरम को वह खूब पढ़ाना चाहते हैं और दक्षिण भारतीय सिनेमा में एक साथ तीन फिल्में मिलने का श्रेय वह अपनी वेब सीरीज ‘आश्रम’ को देते हैं। अभिनेता बॉबी देओल से ‘अमर उजाला’ के सलाहकार संपादक पंकज शुक्ल की एक खास बातचीत।
विज्ञापन
2 of 15
बॉबी, उनकी पत्नी, सनी उनकी पत्नी और मां
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
‘खो गए हम कहां’ के म्यूजिक लॉन्च पर इसके अभिनता सिद्धांत से जब पूछा गया कि किसी रोड ट्रिप पर वह किन कलाकारों के साथ जाना चाहेंगे तो उन्होंने रणबीर कपूर के अलावा ‘लॉर्ड बॉबी’ का नाम लिया, ये नई पीढ़ी से इतना प्यार मिलने का एहसास कैसा है?
मैं तो यही कहूंगा कि ये ईश्वर का आशीर्वाद है कि इतना प्यार मुझे नई युवा पीढ़ी से मिल रहा है। बीच में मुझे नई पीढ़ी पहचानती ही नहीं थी क्योंकि मैं काम ज्यादा नहीं कर रहा था। अब इतना प्यार मुझे आज की युवा पीढ़ी से मिल रहा है तो बहुत अच्छा एहसास हो रहा है। नई पीढ़ी भी मुझे पहचान रही है, तो इस बात की खुशी तो है ही।
विज्ञापन
3 of 15
बॉबी देओल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
तो ये ‘लॉर्ड बॉबी’ कैसे प्रचलन में आया?
मुझे भी नहीं पता कि ये नाम कब, कैसे और किसने दिया? आप लोग जब मेरे इंटरव्यूज लेते हैं तो उसमें ये शब्द आता रहता है। बहुत दिनों से चल रहा है। मेरे बहुत सारे फैन क्लब्स हैं, जैसे बॉबियन्स, बॉबीवुड आदि, मुझे तो लगता है ये वहीं से आया।
4 of 15
टीम एनिमल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘एनिमल’ के लिए जब संदीप रेड्डी वंगा का संदेश आया, तो पहली प्रतिक्रिया क्या रही आपकी?
मेरे फोन पर एक दिन एक संदेश आया कि मैं संदीप रेड्डी वंगा हूं और मुझे आपके साथ एक प्रोजेक्ट के बारे में बात करनी है। पहले तो मुझे लगा कि ये सच भी है कि नहीं। कहीं कोई यूं ही तो नहीं मस्ती कर रहा। फिर मैंने पता कराया तो बताया गया कि ये नंबर उनका ही है। फिर हम मिले तो उन्होंने बताया कि वह एक फिल्म में मुझे लेना चाहते हैं। उन्होंने सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग की एक फोटो दिखाई और कहा कि उन्हें वही लुक इस फिल्म के लिए चाहिए था। मुझे भी लगा कि चलो, बेकारी के दिन की फोटो काम आ गई।
तो आपको पता था तब कि फिल्म में कौन कौन से दूसरे सितारे हैं और फिल्म की कहानी क्या है?
हां, मुझे पता था कि फिल्म में रणबीर कपूर हैं, अनिल कपूर हैं। मेरा किरदार क्या है, ये पूरा संदीप ने मुझे सुनाया था। लेकिन, कहानी का बस सार ही मेरे साथ साझा किया था। ये संदीप का अपना काम करने का तरीका है। वह अपनी कहानी को लेकर बहुत गोपनीयता बरतते हैं।
विज्ञापन
6 of 15
बॉबी देओल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
संदीप रेड्डी का काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है, कई बार ये फिल्म में काम करने वाले कलाकारों को विचलित भी करता है...
बिल्कुल, उनका काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है। अपनी कहानी पर जैसा भरोसा मैंने संदीप का देखा, वैसा मैंने किसी दूसरे निर्देशक का अब तक नहीं देखा है। वह एक अलग दुनिया बना देते हैं और लोग खिंचे चले आते हैं। पता नहीं क्या है, मैं तो उन्हें जादूगर कहकर बुलाता हूं।
विज्ञापन
7 of 15
बॉबी देओल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अगर फिल्म ‘एनिमल’ में आपके किरदार अबरार की बात करें तो इसके जरिये एक बहुत ही गहरी सामाजिक टिप्पणी भी एक खास धर्म की बहुविवाह प्रथा को लेकर है कि आखिर क्यों युवतियां इस तरह के विवाह के लिए तैयार होती हैं..
मैं इसके बारे में ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहता। मैं बस ये कह रहा हूं कि मैं एक किरदार कर रहा हूं और कहानियां जो होती हैं वह समाज का प्रतिबिंब होती हैं जो समाज में हो रहा है, उसी से प्रभावित होकर कहानियां लिखी जाती हैं। और, उससे अगर एक जागरूकता आती है तो वह एक अलग बात है। मैं तो यही मानता हूं। मैं चाहता हूं कि मैं अलग अलग किस्म के किरदार करता रहूं।
8 of 15
बॉबी देओल और धर्मेंद्र
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘एनिमल’ के जब पहले सप्ताहांत की कमाई के आंकड़े आए तो पापा धर्मेंद्र की क्या प्रतिक्रिया रही?
पापा मोबाइल पर बहुत सक्रिय रहते हैं। सोशल मीडिया देखते रहते हैं। यूट्यूब देखते रहते हैं। वह बोले, ‘बॉब, तेरे तो सब दीवाने हो रहे हैं।’ मैंने यही कहा, ‘हां पापा, आपका बेटा हूं तो दीवाने नहीं होंगे तो क्या होंगे..।’ पापा बहुत खुश थे, उस दिन। हालांकि, उन्होंने देखी नहीं अब तक ये फिल्म। लेकिन, मम्मी (प्रकाश कौर) ने ये फिल्म अब तक दो बार देख ली है। पहली बार तो वह रो पड़ी थीं। मां तो खैर मां ही होती है। मुझे याद है कि पापा को जब किसी फिल्म में कुछ हो जाता था, तो वह देख ही नहीं पाती थीं। हम नहीं देख पाते थे। अभी जब ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ मैं देखने गया तो मुझे कहानी नहीं मालूम थी और जब वह वाला सीन देखा, तो मैं तो उठकर निकल गया वहां से। रुका नहीं गया मुझसे, अपने आपको कंट्रोल नहीं कर पाया मैं।
9 of 15
बॉबी देओल और सनी देओल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
और, सनी देओल की प्रतिक्रिया क्या रही?
भैया तो बहुत खुश हैं। इतना खुश हैं मेरे लिए। जैसे ‘गदर 2’ में हम उनके लिए खुश हो रहे थे। हर दिन कलेक्शन देखते थे। रुकी नहीं रही, रुकी नहीं रही, रुकी नहीं रही। शुरू में तो हम लोगों को लगता था कि ये सपना है। लेकिन, बाद में सपना हकीकत में बदलता ही गया। और, अब मेरे साथ वैसा ही हो रहा है, तो सब बहुत खुश हैं घर में।
10 of 15
देओल परिवार
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
साल 2023 आप लोगों के लिए बहुत ही खुशियां देने वाला साल रहा है..
जी हां, तीन पीढ़ियां एक साल में ही परदे पर आई हैं। ये बहुत ही दुर्लभ है।
11 of 15
बॉबी देओल और उनकी मां प्रकाश कौर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘एनिमल’ में एक संदर्भ इसके मुख्य किरदार रणविजय के अपने गांव लौटने का भी है। कितना जरूरी है लोगों का शहरों में रहते हुए भी अपनी जड़ों से जुड़े रहना?
बहुत जरूरी है लेकिन ये किसी के बस की बात नहीं है क्योंकि सब लोग..मेरे चचेरे, ममेरे भाई, मेरे रिश्तेदार खुद कनाडा चले गए हैं। सबने तरक्कियां कर लीं, सबने मेहनत कर ली। सब अपने अपने पेशों के चलते बाहर चले गए हैं। मैं इस मामले में थोड़ा भाग्यशाली रहा कि हम लोग हर साल सर्दियों, गर्मियों की छुट्टी में ट्रेन से पंजाब जाते थे। बहुत मजा आता था, एक एक महीना रहकर आते थे। मैं हमेशा चाहता था कि मेरे बच्चे भी थोड़ा पंजाब से जुड़े रहें। लेकिन, फिर माहौल बदलता गया। सब चले गए वहां से तो वहां जाएं भी तो कहां जाएं..?
12 of 15
बॉबी देओल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
और, ‘एनिमल’ की रिलीज से पहले ही दक्षिण भारतीय सिनेमा की भी तीन फिल्में आप कर रहे हैं?
इन फिल्मों के किरदारों के बारे में मैं ज्यादा बता नही सकता क्योंकि मैं करार से बंधा हुआ हुआ हूं। हां, लेकिन ये सच है कि मैं साउथ की तीन फिल्मे कर रहा हूं। ‘आश्रम’ के बाद मेरे पास साउथ के बहुत ऑफर आने लगे थे। ‘लव हॉस्टल’ ने भी इन प्रस्तावों में इजाफा किया। उसके लिए तैयारी तो करनी ही होती है। जैसे मैं एक तेलुगु फिल्म कर रहा हूं तो इसके लिए मैंने तेलुगु सीखी ताकि अभिनय में मदद मिले। जाहिर है कि इनकी डबिंग तेलुगु में कोई दूसरा कलाकार ही करेगा क्योंकि मेरा लहजा शायद उस भाषा के हिसाब से बेहतर न हो। अभी मुझे लगता है कि मुझे तेलुगु, तमिल सब सीख लेनी चाहिए थी।
13 of 15
सनी देओल, बॉबी देओल, धर्मेंद्र
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘गदर 2’ के निर्देशक अनिल शर्मा एक फिल्म बना रहे थे जिसमें आपके परिवार की तीन पीढ़ियों को एक साथ लाने की बात चलती रही है, उसकी क्या स्थिति है?
उसमें अभी कहानी ठीक से बनी नहीं है। हम लोग ‘अपने 2’ बनाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन जो कहानी हमने अब तक सुनी है, वह जम नहीं रही थी। तो अभी लगे हुए हैं, फिर से काम करने की कोशिशें कर रहे हैं। मैं तो चाहता हूं कि मैं फिर से पापा के साथ काम करूं और करण के साथ पहली बार काम करूं।
और, भैया (सनी देओल) के साथ तो आप पहले भी काम कर चुके हैं। लेकिन, अभी ‘गदर 2’ और ‘एनिमल’ का जो असर है, तो लॉर्ड बॉबी और तारा सिंह के मिलकर किसी नई कहानी में आने की कितनी उम्मीदें आप दोनों के प्रशंसक कर सकते हैं?
बीते दिन ही मैं और भैया इसी पर चर्चा कर रहे थे कि हम दोनों को एक एक्शन फिल्म करनी चाहिए साथ में। लेकिन, कोई स्क्रिप्ट मिलनी चाहिए और कोई मिलना चाहिए बनाने वाला।
तो ‘एनिमल पार्क’ में हम फिर से बॉबी देओल को देखने की उम्मीद रखें?
अभी तक मुझे कोई कहानी नहीं मालूम तो मैं कुछ नहीं कह सकता। मैं तो चाहता हूं कि मैं रहूं उसमें।