आमिर खान के साथ फिल्म 'लगान' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वालीं ग्रेसी सिंह 20 जुलाई को अपना जन्मदिन मनाती हैं। पहली ही फिल्म सुपरहिट होने के बावजूद ग्रेसी सिंह इंडस्ट्री से गायब हो गईं। फिल्मों में आने से पहले ग्रेसी टीवी सीरियल में नजर आ चुकी हैं। 1997 में जीटीवी पर सीरियल 'अमानत' में ग्रेसी ने डिंकी का किरदार निभाया था। कुछ और सीरियल करने के बाद उन्हें फिल्मों के ऑफर आने लगे। डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर को फिल्म 'लगान' के लिए क्लासिकल डांस करने वाली एक एक्ट्रेस चाहिए थी जो गांव की लड़की जैसी दिखे। ऑडीशन के लिए जब ग्रेसी सिंह पहुंचीं तो सैकड़ों लड़कियों के बीच उन्हें सेलेक्ट कर लिया गया। इस फिल्म के बाद तो ऐसा लगा कि उनका करियर चल निकला हो।
एक इंटरव्यू में ग्रेसी सिंह ने कहा था कि क्लासिकल डांसर चाहती थीं लेकिन एक्टर बन गईं। उनका सपना था कि एक बार कुछ ऐसा कर जाएं कि फिल्म इंडस्ट्री में हमेशा के लिए नाम हो जाएं। इसलिए जब लगान में हीरोइन बनने का मौका मिला तो वो उस रोल में इतना रम गई कि शूटिंग पर आस पास के लोगों से बात तक नहीं करती थी।