कभी प्रियंका चोपड़ा, करीना कपूर और ऐश्वर्या राय के साथ सिल्वर स्क्रीन पर हजार वॉट के बल्ब जैसे चमकते रहे अभिनेता अक्षय कुमार को अब ऐसी हीरोइनों की तलाश में हैं जिनके साथ परदे पर वह ‘यंग’ दिख सकें। भले ही फिल्म का नाम ‘रक्षा बंधन’ हो और बहुत संभव है कि फिल्म में साइन हुई हीरोइन भूमि पेडनेकर का रोल भी उनकी बहन का ही हो, लेकिन अक्षय की कोशिश इन दिनों मानुषी छिल्लर और सारा अली खान जैसी युवतियों के साथ ही अपनी जोड़ी बनाने की रही है। लेकिन, संतोष अब उन्हें भूमि पेडनेकर, नुसरत भरूचा और जैकलीन फर्नांडीज से ही करना पड़ रहा है। अक्षय की निर्माणाधीन या पूरी हो चुकी फिल्मों में उनकी उम्र के सबसे करीब हीरोइन लारा दत्ता हैं, उनके बाद नंबर कैटरीना कैफ का आता है।
अक्षय कुमार की आठ फिल्में इस समय या तो पूरी होने के बाद रिलीज की कतार में हैं या फिर निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। अक्षय की पिछले साल की शुरूआत से अटकी पड़ी फिल्म ‘सूर्यवंशी’ की हीरोइन 37 वर्षीया कैटरीना कैफ हैं। कैटरीना कैफ उनके साथ फिल्म ‘हमको दीवाना कर गए’ के समय से काम कर रही हैं। पिछले 15 साल में दोनों इसके अलावा ‘वेलकम’, ‘सिंह इज किंग’, ‘नमस्ते लंदन’ में साथ काम कर चुके हैं। कैटरीना कैफ की जोडी अक्षय कुमार के साथ दोनों के फैंस खूब पसंद भी करते हैं।