आयुष्मान खुराना की फिल्म 'ड्रीम गर्ल 2' सौ करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है। हालांकि, यह अभिनेता की सबसे सुस्त कमाई वाली मूवी साबित हुई है। वहीं, इस सफलता से अनन्या पांडे बेहद खुश हैं।
कभी लगातार हिट पर हिट फिल्में देकर सुपरस्टार राजेश खन्ना की हिट फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ने का ख्वाब देखने वाले अभिनेता आयुष्मान खुराना की बैक टू बैक चार फ्लॉप फिल्मों के बाद अब जाकर एक फिल्म हिट हुई है। फिल्म ‘ड्रीमगर्ल’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये कमाने का पड़ाव भी पार कर लिया है लेकिन ये कमाई इतने ज्यादा दिनों में हुई है कि इस पर नाज करना भी आयुष्मान खुराना के लिए आसान नहीं है। हां, फिल्म की हीरोइन अनन्या पांडे जरूर खुश हैं कि आखिरकार अपने करियर में उन्हें पहली सौ करोड़ी फिल्म मिल गई है।
विज्ञापन
2 of 6
शुभ मंगल सावधान-शुभ मंगल ज्यादा सावधान
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
आयुष्मान के करियर की दूसरी सीक्वल
आयुष्मान खुराना के करियर की फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ दूसरी सीक्वल है। इससे पहले 2017 मे रिलीज हुई फिल्म ‘शुभ मंगल सावधान’ के सीक्वल के रूप में वह फिल्म ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ कर चुके हैं। ये सीक्वल पहली फिल्म के तीन साल बाद रिलीज हुई और अपनी पहली फिल्म से ज्यादा कारोबार करने में सफल रही। फिल्म ‘शुभ मंगल सावधान’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 43.11 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं इसकी सीक्वल ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ का कलेक्शन 60.78 करोड़ रुपये रहा।
विज्ञापन
3 of 6
जवान-ड्रीम गर्ल 2
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
‘जवान’ की रिलीज का सीधा असर
अब बीते महीने 25 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ पर फिल्म कारोबार में दिलचस्पी रखने वालों की निगाहें टिकी हुई हैं। बॉक्स ऑफिस पर शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ रिलीज होने का असर ये हुआ है कि आयुष्मान की फिल्म की कमाई में तेजी से गिरावट आनी शुरू हो चुकी है। 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ ने बॉक्स ऑफिस पर 142.26 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी लेकिन इसकी सीक्वल ‘ड्रीम गर्ल 2’ को अपना कलेक्शन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने में 18 दिन लग गए।
फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ ने रिलीज के पहले दिन 10.69 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग ली थी। ये आयुष्मान की किसी भी फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। लेकिन पहले वीकएंड में ही ये फिल्म पिछड़ने लगी। न सिर्फ इस फिल्म का कलेक्शन पहले वीकएंड पर ‘ड्रीम गर्ल’ से कम रहा बल्कि फिल्म का कलेक्शन आयुष्मान की ही एक और हिट फिल्म ‘बाला’ के भी पहले वीकएंड कलेक्शन से कम रहा।
मीडियम बजट की फिल्मों में भी अगर कोई फिल्म दो हफ्ते में सौ करोड़ रुपये कमा लेती है तो इसे बनाने वालों को खुशी होती है। लेकिन फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ को यहां तक पहुंचने में इससे चार दिन ज्यादा लगे। फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में 67 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ये आयुष्मान की हिट फिल्मों ‘बाला’ और ‘बधाई दो’ के पहले हफ्ते के कलेक्शन से कम रहा। दूसरे हफ्ते में फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ ने करीब 28.56 करोड़ रुपये कमाए।
फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ का कलेक्शन अब तीसरे हफ्ते में आकर सौ करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सका है। फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ ने 100 करोड़ रुपये का जादुई अंक रिलीज के 11 दिन में ही पा लिया था, वहीं इसकी सीक्वल को यहां तक पहुंचने में सात दिन और लगे। आयुष्मान खुरानी की सौ करोड़ी फिल्मों में सबसे सुस्त रफ्तार से सौ करोड़ रुपये कमाने का रिकॉर्ड अब तक 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘बधाई दो’ के नाम रहा है जिसने यहां तक पहुंचने में 17 दिन लगाए थे। फिल्म ‘बाला’ ने ये आंकड़ा रिलीज के 15वें दिन छू लिया था। 18 दिन में 100 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचकर फिल्म ‘ड्रीमगर्ल 2’ आयुष्मान खुराना के करियर में सबसे सुस्त रफ्तार से 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने वाली फिल्म बन गई है।