साल की शुरुआत में कन्नड़ फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने जो हाल हिंदी सिनेमा का किया था, वैसा ही कुछ निर्माता निर्देशक जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार द वे ऑफ वाटर’ साल के आखिर में करती दिख रही है। फिल्म के दूसरे शुक्रवार का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी शानदार रहने वाला है और इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस कामयाबी ने इस शुक्रवार को रिलीज हो रही फिल्म ‘सर्कस’ के भविष्य पर ग्रहण लगा दिया है। फिल्म ‘सर्कस’ है भी एक खराब फिल्म और इसके चलते फिल्म ‘अवतार द वे ऑफ वाटर’ का कारोबार दूसरे हफ्ते में भी अपनी रफ्तार से चलते रहने के आसार बन गए हैं। फिल्म की पहले हफ्ते की कमाई में इसके हिंदी संस्करण ने बहुत अच्छा योगदान किया है।