रक्षा बंधन पर हिंदी सिनेमा के सितारों ने भी अपने भाई बहनों के साथ खूब उत्सव मनाया। लेकिन, बच्चन परिवार के लिए ये त्योहार उतना सुखदायक नहीं रहा। जानकारी के मुताबिक अभिषेक बच्चन के चोट लगने के चलते वह अस्पताल में भर्ती हैं और उनको देखने उनकी बहन श्वेता और पिता अमिताभ बच्चन रविवार की शाम अस्पताल पहुंचे। बच्चन परिवार के सूत्रों के मुताबिक अभिषेक को अपनी नई फिल्म शूटिंग करते समय चोट लगी है। हालांकि, चोट गंभीर नहीं है लेकिन फिर भी डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। पिछले हफ्ते ही अभिषेक ने अपने करियर की दूसरी फिल्म ‘तेरा जादू चल गया’ के 21 साल पूरे होने के मौके पर एक नई फिल्म की शूटिंग शुरू की है। ये फिल्म तमिल थ्रिलर ‘ओथ्था सेरुप्पु साइज 7’ की हिंदी रीमेक के रूप में बन रही है।