फिल्म ‘सेल्फी’ की रिलीज से ठीक पहले अक्षय कुमार की जो भी फिल्में घोषित हुई हैं, उन सबकी शूटिंग शुरू होने में अभी लंबा समय लगने वाला है। फिल्म ‘हेराफेरी 4’ का अनाउंसमेंट वीडियो शूट करके और ‘आवारा पागल दीवाना 2’ और ‘वेलकम 3’ की सुरसुरी छोड़कर अक्षय कुमार अपने स्टेज शो ‘एंटरेटनर्स’ के लिए विदेश जा चुके हैं। इस शो के बाद मई के महीने तक अब वह विदेश में ही रहने वाले हैं और जानकारी के मुताबिक इस दौरान वह एक के बाद एक तीन फिल्मों ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘खेल खेल में’ और ‘स्काई फोर्स’ की शूटिंग करने वाले हैं। अक्षय की मुंबई वापसी उनके शेड्यूल के हिसाब से अब तभी होगी जब महाराष्ट्र में मानसून झूमकर बरसेगा और मौसम का पारा नीचे आ जाएगा।