सिनेमा के सबसे बड़े सेलेब्रिटी ब्रांड बन चुके अभिनेता अक्षय कुमार अब दूर की कौड़ी लाने वाले हैं। जी हां, और सिर्फ मुहावरे में नहीं, हकीकत में। दरअसल अक्षय कुमार जल्द ही एक ऐसा किरदार करने वाले हैं, जैसा इन दिनों टॉम हिडल्स्टन अपनी सीरीज ‘लोकी’ में कर रहे हैं और क्रिस प्रैट फिल्म ‘द टुमारो वॉर’ में करते दिखने वाले हैं यानी अक्षय कुमार जल्द ही भविष्य की यात्रा पर निकलने वाले हैं। यूं लगता है जैसे ‘एक्शन रीप्ले’, ‘बेलबॉटम’ और ‘पृथ्वीराज’ जैसी फिल्मों में अतीत की कहानियां सुनाने से अक्षय ऊब चुके हैं, तभी तो अपनी डेब्यू वेब सीरीज के लिए जो कहानी उन्होंने फाइनल की है, वह उन्हें भविष्य की दुनिया में उत्तरजीविता (सरवाइवल) के पाठ पढ़ाते दिखाने वाली है। ये सीरीज वही है जिसका एलान हुए तीन साल हो चुके हैं और अब तक इसकी शूटिंग भी शुरू नहीं हुई है।