दुनियाभर में सिनेमा के सर्वाधिक प्रतिष्ठित अवॉर्ड 'ऑस्कर' में इस बार भारत की धूम रहने के आसार हैं। अगले वर्ष होने वाले (95वें एकेडमी अवॉर्ड्स) की चार श्रेणियों में भारतीय फिल्मों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। ऑस्कर अवॉर्ड्स 2023 में भारत की तरफ से आधिकारिक एंट्री के तौर पर भेजी गई 'छेलो शो' को इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। वहीं 'आरआरआर' के सॉन्ग 'नातू नातू' को म्यूजिक कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसके अलावा डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म कैटेगरी में 'ऑल देड ब्रीथ्स' ने जगह बनाई है तो डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म श्रेणी में 'द एलीफेंट व्हिस्परर्स' को शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह फिल्म एक दक्षिण भारतीय जोड़े पर आधारित है जो अनाथ हाथियों को पालते हैं।