नव संवत्सर 2081 के आगमन के पहले ही दिन आंखों में शबरी से भाव और मन में पंचवटी में बिताए प्रभु श्रीराम के वनवास की कथा संजोए अभिनेत्री नेहा जोशी ने अयोध्या पहुंचकर भव्य श्रीराम मंदिर में राम लला के दर्शन किए। उनके साथ अभिनेता आशुतोष कुलकर्णी भी रहे। दोनों ने श्रीराम के दर्शन से पहले अपना वही भेस धरा, जो उन्होंने धारावाहिक ‘अटल’ में अपनाया है। इस धारावाहिक में ये दोनों कलाकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के माता-पिता के चरित्र निभा रहे हैं। श्रीराम के दर्शनों से अभिभूत नेहा ने इस मौके पर कहा, ‘राम लला की पावन मूर्ति के सम्मुख खड़े होना एक ऐसा अनुभव था, जिसे मैं कभी भुला नहीं पाऊंगी।’