फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bollywood Controversies: कभी पार्टी में लड़ाई, कहीं 25 साल की दोस्ती टूटी, कई बयानों पर भी रार; पढ़ें 10 विवाद

Mon, 21 Oct 2024 05:23 PM IST
दीक्षा पाठक एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
बॉलीवु सेलेब्स - फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड और विवाद एक दूसरे के साथ चलते हैं। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, स्टार फाइट्स, ड्रग्स, कानूनी केस जैसे कितने ही मामले आए दिन सुर्खियों में बने रहते हैं। इस इंडस्ट्री में कोई किसी कानूनी पचड़े में फंसा है तो कोई दूसरे विवादों की वजह से चर्चा में है। यही नहीं, बॉलीवुड की दुनिया में कलाकारों को कंट्रोवर्सी किंग और कंट्रोवर्सी क्वीन जैसे नाम भी दिए गए हैं। हालांकि, सोशल मीडिया के इस दौर में दर्शकों-प्रशंसकों से कोई भी विवाद छुप पाना नामुमकिन है। ताजा विवाद दिव्या खोसला और करण जौहर के बीच हुआ है। हालांकि, यह पहला मामला नहीं है जब इस तरह का विवाद बॉलीवुड में हुआ है। आइए जानते बॉलीवुड में कब-कब विवाद गरमाए हैं...
विज्ञापन

2 of 11
दिव्या खोसला, करण जौहर - फोटो : इंस्टाग्राम- दिव्या खोसला, करण जौहर
1. दिव्या खोसला-करण जौहर
क्या हुआ:
ताजा विवाद आलिया भट्ट की फिल्म 'जिगरा' को लेकर है जो 11 अक्तूबर को रिलीज हुई थी। निर्माता भूषण कुमार की पत्नी दिव्या खोसला ने दावा किया कि करण जौहर की फिल्म जिगरा का कंटेंट उनकी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म सावी से मिलता-जुलता है। उन्होंने आलिया भट्ट पर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में हेराफेरी करने का आरोप लगाया। करण जौहर को भी निशाने पर लिया और उन पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया है।  

किसने क्या कहा: दिव्या खोसला ने कहा, "आलिया खुद को देश की सबसे बड़ी अभिनेत्री कहती हैं, लेकिन अपने 72 वर्षीय चाचा को धोखा देने से पहले नहीं सोचतीं।"

इस पर करण ने बिना नाम लिए हुए लिखा, "मूर्खों को सच्चाई भड़का देती है।" एक और सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा, "जब बेशर्मी के साथ दूसरों की चीजों को चुराकर उस पर हक जमाया जाता है तो चुप रहकर ही बचना पड़ता है। ऐसे लोगों की कोई आवाज, कोई रीढ़ की हड्डी नहीं होती।"

मौजूदा स्थिति: करण जौहर और दिव्या खोसला के बीच जुबानी जंग जारी है। वहीं, 80 करोड़ रुपये के बजट में बनी आलिया भट्ट और वेदांग रैना अभिनीत फिल्म 'जिगरा' बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ती नजर आ रही है। 
विज्ञापन

3 of 11
विवेक ओबेरॉय और सलमान खान - फोटो : इंस्टाग्राम @vivekoberoi
2. विवेक ओबेरॉय और सलमान खान

क्या हुआ:
1 अप्रैल 2003 में विवेक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि सुपरस्टार सलमान खान ने उन्हें फोन करके धमकाया था। उस समय विवेक कथित तौर पर ऐश्वर्या राय के साथ रिलेशनशिप में थे। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद से सलमान के साथ उनके झगड़े की शुरुआत हुई।

किसने क्या कहा: विवेक ओबेरॉय ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि सलमान ने रात के वक्त महज साढ़े चार घंटों में उन्हें 41 बार कॉल किया। साथ ही उन्होंने फोन पर जान से मारने की धमकी के साथ भद्दी-भद्दी गालियां भी दीं। इसके अलावा उन्होंने अभिषेक बच्चन, रणबीर कपूर जैसे सितारों का भी नाम लिया, जिनके साथ सलमान खान कथित तौर पर बदतमीजी कर चुके थे, लेकिन किसी ने उनका विरोध नहीं किया था। 

मौजूदा स्थिति: दोनों सितारे एकदूसरे को नजरअंदाज करते हैं। विवेक ओबेरॉय ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें खुशी है कि वे अग्निपरीक्षा से बाहर आ सके, लेकिन उनके जितना खुशकिस्मत हर कोई नहीं होता। जब वे पीछे मुड़कर देखते है, तो पाते हैं कि उन्हें बहुत सी गलत चीजों से गुजरना पड़ा, जिसने उन्हें पूरी तरह से थका दिया था, मनोबल तोड़ दिया था और बिना काम के एक कोने में धकेल दिया था।

वहीं, सलमान खान ने 'आपकी अदालत' में कहा था कि हर चीज की एक्सपायरी डेट होती है। मैं यह नहीं कहूंगा कि कभी मैं उनसे हाथ मिलाऊंगा या उनसे मुलाकात करूंगा, लेकिन मुझे उनसे अब कोई दिक्कत नहीं है। 

4 of 11
सलमान खान और शाहरुख खान - फोटो : इंस्टाग्राम @iamsrk
3. सलमान खान और शाहरुख खान

क्या हुआ: साल 2008 में सलमान खान और शाहरुख खान का बड़ा झगड़ा हुआ था। यह झगड़ा कैटरीना कैफ की बर्थडे पार्टी में हुआ था। खबरें थीं कि शाहरुख ने सलमान की फिल्म 'मैं और मिसेज खन्ना' में कैमियो करने से मना कर दिया था, जिस वजह से सलमान खफा थे।

किसने क्या कहा: कुछ समय बाद शाहरुख ने कहा था, 'मैं पिता की तरह सोचता हूं, जबकि सलमान बच्चे की तरह सोचते हैं। हमारे बीच में ज्यादा कुछ कॉमन नहीं है। हम अलग सोचते हैं और अलग बोलते हैं। हमने साथ में अच्छा समय बिताया। हम अपनी-अपनी दुनिया में खुश हैं। अगर हम साथ आए तो ये अच्छा होगा पर अब हम दोस्त नहीं हैं।'

मौजूदा स्थिति: माना जाता है कि एक इफ्तार पार्टी में मुंबई के नेता बाबा सिद्दीकी ने दोनों के बीच दोस्ती कराई थी। तब से इनके बीच अच्छी दोस्ती है। सलमान खान शाहरुख की फिल्म 'पठान' में कैमियो भी कर चुके हैं। दोनों अक्सर कई इवेंट्स में साथ नजर आते हैं।
विज्ञापन

5 of 11
काजोल और करण जौहर - फोटो : इंस्टाग्राम @kajol और @karanjohar
4. करण जौहर और काजोल

क्या हुआ:
जब 2016 में अजय देवगन की फिल्म 'शिवाय' और 'ऐ दिल है मुश्किल' की टक्कर हुई थी, तब करण का काजोल से विवाद हो गया था। दरअसल, केआरके ने दावा किया था कि उन्होंने 'ऐ दिल है मुश्किल' की तारीफ और 'शिवाय' की बुराई करने के लिए करण ने पैसे दिए हैं। अजय देवगन ने यह बात ट्वीट कर दी थी। काजोल ने इसे रीट्वीट करते हुए लिखा था- शॉक्ड! करीब दो साल तक एक-दूसरे से बात नहीं की थी। इसे बॉलीवुड के सबसे बड़े विवादों में से एक इसलिए माना गया क्योंकि काजोल और करण जौहर 25 साल से गहरे दोस्त थे। 

किसने क्या कहा था: करण ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'एन अनसूटेबल बॉय' में लिखा था कि काजोल ने 25 साल की दोस्ती का ध्यान नहीं रखा और मेरे अंदर के हर इमोशन को खत्म कर दिया। काजोल के ट्वीट से ऐसा लगा कि शायद वे यह मानती हैं कि मैं किसी को रिश्वत दे सकता हूं।

मौजूदा स्थिति: करण और काजोल के बीच बाद में सब सुलझ गया। जब करण के बच्चे, यश और रूही पैदा हुए, तो उन्होंने अभिनेत्री को उनकी तस्वीरें भेजीं और उनसे कहा, 'आपको जवाब देने की जरूरत नहीं है, लेकिन मेरे बच्चे आपके जैसे ही दिखते हैं।' जवाब में काजोल ने लिखा कि मेरे मन में बच्चों के लिए प्यार उमड़ रहा है। बीते अगस्त काजोल के 50वें जन्मदिन पर करण जौहर ने उनके लिए सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट किया और उनकी मुस्कान को 'एक हजार वॉट की स्माइल' करार दिया।
विज्ञापन

6 of 11
शाहरुख खान और आमिर खान के बयान - फोटो : इंस्टाग्राम @ iamsrk
5. शाहरुख खान और आमिर खान के बयान

क्या हुआ:
बात 2015 की है। तब अवॉर्ड वापसी और सहिष्णुता-असहिष्णुता पर जारी बहस के बीच शाहरुख खान और अभिनेता आमिर खान भी कूद पड़े थे। 

किसने क्या कहा: शाहरुख खान ने कहा था कि देश में असहिष्णुता अपने चरम पर है। लोग बिना सोचे समझे कोई बात बोल रहे हैं। वहीं, आमिर खान ने कहा था कि वे भी असुरक्षित और भयभीत महसूस करते हैं। उनकी पत्नी किरण राव तो इस कदर डर गई थीं कि उन्होंने उन्हें देश छोड़ने तक की सलाह दे दी थी।

मौजूदा स्थिति: आमिर खान के भी इस बहस में कूदने के बाद शाहरुख खान ने एक इंटरव्यू में सफाई दी। उन्होंने 'मिड डे' को दिए इंटरव्यू में कहा कि अक्सर उन्हें मिसकोट कर दिया जाता है और उनके बयान को गलत तरीके से लिया गया था। इसके बाद अगले ही वर्ष यानी 2016 में आमिर ने भी बयान दिया कि मैंने यह कभी नहीं कहा कि भारत में असहिष्णुता है, ना ही मैंने ये कहा कि मैं देश छोड़ना चाहता हूं। मैं इसी देश में पैदा हुआ हूं और यहीं पर मरूंगा। इस विवाद के बाद दोनों अभिनेताओं ने ऐसे मुद्दों पर बयान देने से बचने की ही कोशिश की। 
विज्ञापन

7 of 11
करण जौहर कंगना रणौत - फोटो : इंस्टग्राम
6. कंगना रनौत और करण जौहर

क्या हुआ:
2017 में कंगना रनौत ने करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' पर जाकर उन पर नेपोटिज्म को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। कंगना ने करण को मूवी माफिया और नेपोटिज्म का प्रतीक तक बताया था। कंगना ने करण पर सुशांत सिंह राजपूत की मौत का जिम्मेदार होने का आरोप भी लगाया था।

किसने क्या कहा: कंगना ने कहा था, ‘अगर मेरी कभी बायोपिक बनेगी तो करण आप उसमें स्टीरियो टिपिकल तरह के आदमी का किरदार निभाएंगे जो घमंडी है और बॉलीवुड में बाहर से आनेवाले लोगों के लिए असहिष्णु है, भाई भतीजावाद का फ्लैग बियरर है। हम उसे मूवी माफिया कह सकते हैं।’ 

मौजूदा स्थिति: दोनों एक दूसरे को नजरअंदाज की करते हैं। कंगना अपने रुख पर अब तक कायम हैं। अगस्त में 'द लल्लनटॉप' को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अब तो मेरी बायोपिक बड़ी होगी। अब ऐसे (करन जौहर जैसे) छोटे-मोटे लोग उसमें विलेन नहीं बन पाएंगे। करण जौहर को अपनी करतूतें पता हैं। हालांकि, करण जौहर पहले 'मणिकर्णिका' और अब कंगना की अपकमिंग फिल्म 'इमरजेंसी' देखने की इच्छा जता चुके हैं।

8 of 11
तनुश्री दत्ता, नाना पाटेकर - फोटो : सोशल मीडिया
7. तनुश्री दत्ता मीटू

क्या हुआ: अभिनेत्री तनुश्री दत्ता कुछ साल पहले मी टू कैंपेन के चलते सुर्खियों में आई थीं। 2018 में उन्होंने नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उन्होंने फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' में साथ काम किया था। मीटू मूवमेंट से बॉलीवुड इंडस्ट्री हिल गई थीं।

किसने क्या कहा था: तनुश्री ने कहा था, "मैंने बॉलीवुड में आने के बाद कई तरह के दुख झेले हैं। मैंने ये सब भूलना चाहा, लेकिन मेरे अंदर गुस्सा था । मुझे लगा कि उसकी हिम्मत कैसे हुई मेरे साथ ये सब करने की। वो बच कैसे सकते हैं और इंडस्ट्री के लोग उनके साथ लगातार काम कर रहे हैं।'

नाना पाटेकर ने जवाब देते हुए कहा था, 'वो मेरी बेटी की तरह हैं। मुझे नहीं पता कि वो ऐसा क्यों कह रही हैं।' इस पर तनुश्री ने कहा, 'कोई भी पिता अपनी बेटी को ये नहीं कहेगा कि मेरे साथ इंटीमेट सीन करो। उन्हें शर्म आनी चाहिए। उन्होंने नेशनल अवॉर्ड जीता है तो वो साधु नहीं हो गए। वो इस दुनिया के सबसे घटिया इंसान हैं।'

मौजूदा स्थिति: दोनों के बीच यह विवाद अभी थमा नहीं है। जून में ही नाना पाटेकर ने कहा कि वो सारे आरोप झूठ थे, इसलिए मुझे गुस्सा नहीं आया। हर कोई सच्चाई जानता है। ...नाना के इस बयान के बाद ही तनुश्री ने फिर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मुझे धमकियां मिलती रहीं और नाना को छह साल लगे जवाब देने में? 

9 of 11
सूरज पंचोली, जिया खान - फोटो : इंस्टाग्राम @soorajpancholi
8. सूरज पंचोली और जिया खान

क्या हुआ:
2013 में अभिनेत्री और मॉडल जिया खान ने अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। जिया की मौत के बाद एक्ट्रेस के घर से छह पन्ने का नोट मिला था, जिसे कथित तौर पर जिया के जरिए लिखा हुआ बताया गया था। जिया की मां ने सूरज पंचोली को उनकी बेटी की मौत का जिम्मेदार ठहराया था।

किसने क्या कहा: अपने बयान में सूरज पंचोली ने कहा था कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है और वह झूठे मुकदमे तथा उत्पीड़न का शिकार हैं। 

मौजूदा स्थिति: 2023 में सूरज पंचोली ने फिर बयान दिया कि आप यह जानकर चौंक जाएंगे कि मैं जियो को केवल पांच महीने से जानता था, यह बहुत ही छोटा रिश्ता था। मैं उसे शायद छह महीने से पूरी तरह से जानता था, उनमें से पांच महीने हम रिलेशनशिप में थे। यह जानना बहुत मुश्किल है कि कोई व्यक्ति पांच महीनों में किन चीजों से गुजर रहा है। 

10 of 11
किच्चा सुदीप और अजय देवगन - फोटो : इंस्टाग्राम @ajaydevgn
9. किच्चा सुदीप और अजय देवगन

क्या हुआ:
एक इवेंट के दौरान कन्नड़ अभिनेता किच्चा सुदीप ने हिंदी को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद अजय देवगन ने पलटवार किया था। 

किसने क्या कहा: 'केजीएफ: चैप्टर 2' की जबरदस्त सफलता के बाद किच्चा सुदीप ने कहा था कि हिंदी अब राष्ट्रभाषा नहीं है। बॉलीवुड इंडस्ट्री अब तेलुगू और तमिल में डबिंग करके सफलता पाने के लिए संघर्ष कर रही है। इसके बाद अजय देवगन ने हिंदी में ट्वीट कर सुदीप को जवाब दिया था। उन्होंने लिखा था, ''किच्चा सुदीप मेरे भाई, आपके अनुसार अगर हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा नहीं है तो आप अपनी मातृभाषा की फिल्मों को हिंदी में डब करके क्यों रिलीज करते हो? हिंदी हमारी मातृभाषा राष्ट्रभाषा थी, है और हमेशा रहेगी। जन गण मन।" 
विज्ञापन

11 of 11
पद्मावत - फोटो : इंस्टाग्राम @deepikapadukone
10. पद्मावत विवाद

क्या हुआ:
संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर देश भर में विवाद हो गया था। 190 करोड़ की लागत से भंसाली ने दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर अभिनीत यह फिल्म बनाई थी। फिल्म के पहले पोस्टर के साथ ही राजपूत घरानों और करणी सेना ने रणवीर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। 

किसने क्या कहा: राजपूतों का कहना था कि फिल्म को मसालेदार बनाने के लिए अलाउद्दीन खिलजी जैसे क्रूर शासक का महिमामंडन किया गया। आरोप था कि भंसाली ने खिलजी और रानी पद्मिनी के बीच के रोमांटिक सीन शूट किए हैं और रानी को सबके सामने घूमर नृत्य करते दिखाया गया है। हालांकि, भंसाली और पूरी टीम ने इस बात से इनकार किया था।

बाद में क्या हुआ: कुछ राज्यों में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई थी। कुछ सिनेमाघरों में तोड़फोड़ भी हुई। बाकी राज्यों में फिल्म जब रिलीज हुई तो उसने शुरुआती पांच दिन में ही 143 करोड़ की कमाई कर ली। इस पर भंसाली ने कहा था कि फिल्म को मिला प्रतिसाद उस व्यथा का जवाब है, जिससे हम सभी लोग गुजरे हैं। हम लोगों ने बार-बार कहा कि इस फिल्म में कुछ भी गलत नहीं है। सारे प्रदर्शन तर्कहीन थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें