परीक्षार्थियों के भविष्य में 12वीं के अंकों के महत्व को देखते हुए स्थितियां अनुकूल होने पर जुलाई के द्वितीय सप्ताह में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इंटर की परीक्षा कराई जाएगी। पेपर तीन के बजाय डेढ़ घंटे का होगा। हर पेपर में 10 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें से केवल तीन सवालों का जवाब देना होगा। इसकी समय सारिणी जल्द जारी की जाएगी। परीक्षा 15 दिनों में कराई जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
उपमुख्यमंत्री के अनुसार कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा के परीक्षाफल के आधार पर अगली कक्षा में 9, 11 के छात्रों को प्रोन्नति दी जाएगी। यदि किसी विद्यालय में वार्षिक परीक्षा अभी तक नहीं हो पाई है तो वहां पूरे साल के आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर प्रोन्नति होगी। इसके अलावा यदि किसी शिक्षा बोर्ड का परीक्षा के संबंध में कोई आदेश होगा तो बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में वही लागू होगा।
डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नति देने का आदेश पूर्व में जारी किया गया है। यदि किसी शिक्षा बोर्ड विशेष का परीक्षा को लेकर कोई आदेश न हो तो प्रदेश में सभी बोर्ड के विद्यालयों में कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया जाएगा। विद्यार्थियों को प्रोन्नत करने का निर्णय यदि कोई विद्यालय नहीं मानता है तो अभिभावक डीएम की अध्यक्षता वाली नियामक समिति के समक्ष शिकायत कर सकेंगे।
प्रदेश के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों में स्नातक, परास्नातक व सेमेस्टर के विद्यार्थियों की प्रोन्नति और परीक्षा को लेकर रविवार को निर्णय किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए गठित तीन कुलपतियों की रिपोर्ट पर मंथन कर शासन ने प्रस्ताव तैयार किया है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रस्ताव पर चर्चा के बाद उनके निर्देशानुसार निर्णय किया जाएगा।