फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Board Paper Leak: पेपर के चार सेट, सील को लेकर भी तमाम नियम, फिर कैसे लीक हो गया प्रश्न-पत्र?

Wed, 30 Mar 2022 08:39 PM IST
सुभाष कुमार एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

UP Board Paper Leak: खबरों के मुताबिक आज रद्द की गई अंग्रेजी की परीक्षा अब 13 अप्रैल को दोबारा आयोजित की जाएगी। सभी 24 जिलों में परीक्षा सुबह 8:00 बजे से 11:15 बजे तक की पाली में आयोजित की जाएगी।
विज्ञापन
1 of 7
UP Board Paper Leak - फोटो : Amar Ujala
UP Board Paper Leak: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की ओर से आयोजित कराई जा रही दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षा में बड़ा बवाल सामने आया। जब बारहवीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र लीक हो गए। यह घटना राज्य के बलिया जिले से सामने आई है। इस मामले पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजेश कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया है। बोर्ड ने इस बार नकल रहित परीक्षा आयोजित कराने के लिए कड़े बंदोबस्त किए थे। हालांकि, इसके बावजूद नकल माफिया प्रशासन से आगे रहा। पर सवाल यह है कि इतनी चाक-चौबंद व्यवस्था के बावजूद बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक हो गए। इसमें जरूर किसी की मिलीभगत रही होगी। क्योंकि बोर्ड से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न पत्र पहुंचाने की प्रक्रिया भी काफी सुरक्षित रहती है। आइए जानते हैं क्या है यह प्रक्रिया और कैसे रहते हैं सुरक्षा इंतजाम -
विज्ञापन

2 of 7
UP Board Paper Leak - फोटो : Social Media
UP Board Paper Leak: इन जिलों में रद्द हुए पेपर
अंग्रेजी के पेपर लीक होने के बाद राज्य के 24 जिलों बलिया, एटा, बागपत, बदायूं, सीतापुर, कानपुर देहात, ललितपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़,  गोंडा,  आजमगढ़,  आगरा, वाराणसी, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, शामली, शाहजहांपुर, उन्नाव, जालौन, महोबा, आंबेडकरनगर और गोरखपुर में परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। अन्य 51 जिलों में परीक्षा विधिवत रूप से आयोजित की गई है। इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की सीरीज 316 ईडी और 316 ईआई के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
विज्ञापन

3 of 7
UP Board Paper Leak - फोटो : Amar Ujala
UP Board Paper Leak: अब कब होगी परीक्षा?
खबरों के मुताबिक आज रद्द की गई अंग्रेजी की परीक्षा अब 13 अप्रैल को दोबारा आयोजित की जाएगी। सभी 24 जिलों में परीक्षा सुबह 8:00 बजे से 11:15 बजे तक की पाली में आयोजित की जाएगी। छात्रों को तय समय के अनुसार अपने संबंधित परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित होना पड़ेगा। 

4 of 7
सोशल मीडिया में वायरल इंटरमीडिएट अंग्रेजी का प्रश्नपत्र - फोटो : Amar Ujala
UP Board Paper Leak: कैसे लीक हुआ पेपर?
यूपी बोर्ड की अंग्रेजी विषय की परीक्षा का पेपर कैसे लीक हुआ इस बात की पुख्ता जानकारी तो जांच के बाद ही बाहर आ सकेगी। अब तक मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा से पहले ही प्रश्न-पत्र सोशल मीडिया पर लीक हुआ था और छात्रों को मुंहमांगी कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की। पेपर लीक होने की घटना के लिए सरकार ने एसटीएफ जांच की बात कही है। आशंका जताई जा रही है कि प्रश्न पत्र किसी परीक्षा केंद्र से ही लीक किया गया है।
विज्ञापन

5 of 7
श्री डी सी वैदिक इंटर कॉलेज, आगरा की प्राचार्य डॉ गुंजन आर्य। - फोटो : Amar Ujala
UP Board Paper Leak: प्रशासन ने की थी तैयारी
श्री डी सी वैदिक इंटर कॉलेज, आगरा की प्राचार्य डॉ गुंजन आर्य ने बताया कि सरकार ने इस साल कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए अच्छी तैयारी की थी। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षक के अलावा अतिरिक्त परीक्षक की भी तैनाती की गई थी। इसके अलावा केंद्रों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी की व्यवस्था की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए लखनऊ में एक कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई थी। उन्होंने बताया कि आईसीएसई और सीबीएसई की परीक्षा में पेपर परीक्षा से आधे घंटे पहले केंद्र तक पहुंचते हैं। वहीं, यूपी बोर्ड की परीक्षा कहीं बड़े स्तर पर आयोजित होती है। इस कारण प्रश्नपत्र को कहीं पहले परीक्षा केंद्रों तक पहुंचा दिया जाता है।  
विज्ञापन

6 of 7
आदर्श इंटर कॉलेज के धर्मेंद्र शर्मा। - फोटो : Amar Ujala
UP Board Paper Leak: क्या है पेपर की केंद्र तक पहुंचने की प्रक्रिया?
आदर्श इंटर कॉलेज, एनटीपीसी पियावली, गौतम बुद्ध नगर के संचालक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि पेपर को बोर्ड से कड़ी सुरक्षा के बीच सबसे पहले जीआईसी (गवर्मेंट कॉलेज) लाया जाता है। पहले सभी विषयों के पेपर को एक साथ ही केंद्र पर लाया जाता था। लेकिन अब पेपर को कई ग्रुप में भेजा जाता है। यहां पेपर को डबल लॉक की अलमारी में रखा जाता है। इसकी एक चाबी संबंधित विद्यालय के प्रिंसिपल/सुपरिटेंडेंट के पास होती है। वहीं, दूसरी चाबी बाहरी स्कूल के एक अन्य सुपरिटेंडेंट के पास होती है। ताकि एक ताले से लॉक न खुले। सुबह स्ट्रेटेजिक मजिस्ट्रेट और दोनों सुपरीटेंडेंट के सामने इस लॉक को खोला जाता है और पेपर को बाहर निकाला जाता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
UP Board Paper Leak - फोटो : Social Media
UP Board Paper Leak: अब क्या होगी कार्रवाई?
पेपर लीक के घटना की जांच अब सरकार ने एसटीएफ को सौंपी हैं। जानकारी के अनुसार अब तक कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है और कई अन्य लोगों की गिरफ्तारी की सूचना सामने आ सकती है। मामले में फिलहाल बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजेश कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण में अभी कई अन्य अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें