सोशल मीडिया पर स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) यानी कर्मचारी चयन आयोग के नाम से ट्विटर पर कई अकाउंट बनें हैं। सभी अकाउंट अपने को कर्मचारी चयन आयोग का आधिकारिक ट्विटर हैंडल बताते हैं। आम लोगों के लिए यह जानना बड़ी समस्या है कि इनमें से असली ट्विटर हैंडल कौनसा है और कौनसा फर्जी है।
यह जानना इसलिए भी आवश्यक है कि इंटरनेट युग के इस दौर में जहां हर वायरल जानकारी की पुष्टि करने के लिए हम में से अधिकतर लोग संबंधित संस्थान के आधिकारिक ट्विटर हैंडल का सहारा लेते हैं, लेकिन अगर वहां से भी गलत जानकारी मिले तो आप आसानी से ठगी का शिकार बन सकते हैं। कोरोना महामारी के बाद से ही बेरोजगारों से रोजगार के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आए हैं।
खैर, हम बात कर रहे थे, एसएससी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल या अकाउंट के बारे में। ट्विटर पर सर्च बटन में SSC टाइप करने मात्र से ऐसे कई अकाउंट मिल जाएंगे, जिनमें स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) यानी कर्मचारी चयन आयोग के नाम पर ऑफिशियल ट्विटर खाता होने का दावा किया जा रहा है। इतना ही नहीं इन अकाउंट पर लगातार भर्ती परीक्षाओं की जानकारी और सूचनाओं से जुड़े अपडेट भी जारी होते रहते हैं। इससे कई बेरोजगार अभ्यर्थियों को भ्रम वश यह यकीन हो जाता है कि यही ट्विटर अकाउंट या हैंडल असली है और वे उसे फॉलो करने लग जाते हैं।