नीट एमडीएस 2022 (NEET MDS) की प्रवेश परीक्षा में आवेदन के लिए आज आखिरी मौका है। जो उम्मीदवार शैक्षणिक सत्र 2022 के लिए मास्टर इन डेंटल सर्जरी कोर्स में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे सोमवार, 24 जनवरी को रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) नीट एमडीएस परीक्षा 2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन विंडो बंद कर देगा। उम्मीदवार मध्यरात्रि तक आधिकारिक वेबसाइट nbe.edu.in पर प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
नीट एमडीएस कोर्स में दाखिले के लिए नीट मास्टर डेंटल सर्जरी परीक्षा में भाग लेना पड़ता है। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड देश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट प्रारूप के माध्यम से 06 मार्च, 2022 को NEET MDS 2022 प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा। उम्मीदवारों को सीबीटी मोड से परिचित कराने के लिए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन 21 फरवरी, 2022 से एक डेमो टेस्ट भी आयोजित करेगा। नीट एमडीएस परीक्षा के प्रवेश-पत्र 01 मार्च को जारी किए जाएंगे। वहीं, 21 मार्च, 2022 तक नीट एमडीएस परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।