फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड ने 2020 में बदल दिया था अपना प्रतीक चिह्न, जानिए क्या होते हैं प्रतीक चिह्न और क्या हैं इनके मायने

Fri, 01 Jan 2021 07:16 PM IST
Devesh Devesh एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 14
Emblems of Indian States - फोटो : GOI
देश में हर राज्य का एक अपना अलग प्रतीक चिह्न है, जिसे उस राज्य की मुहर या स्टांप के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। झारखंड सरकार ने 15 अगस्त, 2020 को राज्य का नया स्टेट एंब्लेम यानी राज्य प्रतीक चिह्न जारी किया था। यह प्रतीक चिह्न उस राज्य की पहचान माने जाते हैं। आइए जानते हैं कुछ प्रमुख राज्यों के प्रतीक चिह्न और क्या हैं उनके मायने... 
विज्ञापन

2 of 14
Emblem of India - फोटो : GOI
भारत का राजकीय चिह्न :  
भारत का राजचिह्न सारनाथ स्थित अशोक के सिंह स्तंभ की अनुकृति है, जो सारनाथ के संग्रहालय में सुरक्षित है। मूल स्तंभ में शीर्ष पर चार सिंह हैं, जो एक-दूसरे की ओर पीठ किए हुए हैं। इसके नीचे घंटे के आकार के पदम के ऊपर एक चित्र वल्लरी में एक हाथी, चौकड़ी भरता हुआ एक घोड़ा, एक सांड तथा एक सिंह की उभरी हुई मूर्तियां हैं, इसके बीच-बीच में चक्र बने हुए हैं। एक ही पत्थर को काट कर बनाए गए, इस सिंह स्तंभ के ऊपर 'धर्मचक्र' रखा हुआ है। भारत सरकार ने यह चिह्न 26 जनवरी, 1950 को अपनाया। इसमें केवल तीन सिंह दिखाई पड़ते हैं, चौथा दिखाई नहीं देता। पट्टी के मध्य में उभरी हुई नक्काशी में चक्र है, जिसके दाईं ओर एक सांड और बाईं ओर एक घोड़ा है। दाएं तथा बाएं छोरों पर अन्य चक्रों के किनारे हैं। आधार का पदम छोड़ दिया गया है। फलक के नीचे मुण्डकोपनिषद का सूत्र 'सत्यमेव जयते' देवनागरी लिपि में अंकित है, जिसका अर्थ है- 'सत्य की ही विजय होती है'।
विज्ञापन

3 of 14
State Emblem of Jharkhand - फोटो : Amar Ujala
झारखंड
झारखंड के नए लोगो में देश के राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न अशोक स्तंभ के साथ झारखंड के लोक जीवन व संस्कृति, राज्य के राजकीय पुष्प के तौर पर पलाश के फूल, राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती के लिए हरा रंग और राज्य के राजकीय पशु यानी कि हाथी को दर्शाया गया है। झारखंड राज्य का नया लोगो वहां की समृद्ध और अद्भुत सांस्कृतिक विरासत, राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली से आच्छादित वन संपदा और वन्य जीवों की संपूर्णता का उद्घोषक है। 

4 of 14
State Emblem of Bihar - फोटो : bihar govt
बिहार
बिहार का राज्य प्रतीक बोधि वृक्ष पर आधारित हैं। जिसकी टहनियों पर रुद्राक्ष की दो मालाएं टंगी हैं। वृक्ष के दोनों ओर स्वास्तिक बने हैं। नीचे की ओर चबूतरा नुमा आकृति बनी हुई है। दरअसल, बोधि वृक्ष बोध गया में स्थित एक प्राचीन अंजीर का पेड़ है, जिसे बौद्ध धर्म में पवित्र प्रतीक माना जाता है। गौतम बुद्ध को इसी वृक्ष के नीचे अनंत ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। रुद्राक्ष की माला पहनना आध्यात्मिकता का द्योतक है। जबकि स्वास्तिक हिंदू और बौद्ध धर्म में पवित्र प्रतीक माना जाता है। 
विज्ञापन

5 of 14
State Emblem of Chhattisgarh - फोटो : Chhattisgarh Govt
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ का लोगो 2000 में स्वीकार किया गया था। इसमें सबसे अंदर वाले गोले में अशोक स्तंभ बना हुआ है और नीचे सत्यमेव जयते लिखा हुआ है। इसके बाद की परिधि में धान की फसल पत्तियां बनी हुई हैं। जिनके नीचे की ओर तीन अलग-अलग रंगों की लाइन है जो राज्य की नदियों को दर्शाती है। इसके साथ में ऊर्जा उत्पादन को दर्शाने के लिए दो चिह्न बने हुए हैं। ऊपर की ओर छत्तीसगढ़ शासन लिखा हुआ है। जबकि तीसरे गहरे के बाहर की ओर 36 दुर्ग और किले नुमा कृतियां हैं, जो राज्य के नाम की परिचायक हैं। 
विज्ञापन

6 of 14
State Emblem of Haryana - फोटो : Haryana Govt
हरियाणा
हरियाणा राज्य के एंब्लेम में सबसे अंदर की ओर के पानी के अंदर कमल का फूल खिला हुआ है। उसके ऊपर की ओर उगता हुआ सूरज है। इसके ऊपर हिंदी और नीचे अंग्रेजी में हरियाणा सरकार लिखा हुआ है। इसके बाहरी और दोनों तरफ गेहूं की फसल की प्रतीक पत्तियां हैं और ऊपर ही ऊपर अशोक स्तंभ बना है जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा हुआ है। राज्य का एंब्लेम राज्य में होने वाली गेहूं की बंपर खेती को प्रदर्शित करता है।
 
विज्ञापन

7 of 14
State Emblem of Punjab - फोटो : Punjab Govt
पंजाब
पंजाब के स्टेट एंब्लेम में अंदर की ओर अशोक स्तंभ बना हुआ है उसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा हुआ। इसके बाहर के घेरे में नीचे की ओर दो क्रॉस तलवारें हैं, जो राज्य की वीरता और संघर्षपूर्ण इतिहास की प्रतीक है। ऊपर गेहूं की फसल की पत्ती यानी बाली राज्य के खेती प्रधान होने का संकेत करती है। इसके दोनों ओर हिंदी और पंजाबी में पंजाब सरकार लिखा हुआ है। जबकि नीचे की ओर रिबन नुमा आकृति में गवर्नमेंट ऑफ पंजाब लिखा है।
 

8 of 14
State Emblem of Madhya Pradesh - फोटो : MP Govt
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के राज्य प्रतीक चिह्न के मध्य में अशोक स्तंभ बना हुआ है जिसके बैकग्राउंड में बरगद का विशाल पेड़ है। यह बरगद का पेड़ मध्य प्रदेश का राजकीय वृक्ष है। इसके बाहर के वृत्त में ऊपर की ओर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ है, जिनके नीचे गेहूं और धान की बालियां हैं जो राज्य की प्रमुख फसलों को दर्शाती है। इनके नीचे सत्यमेव जयते का ध्येय वाक्य लिखा हुआ है। एंब्लेम के सबसे बाहरी ओर 24 स्तूप अंकित हैं।
 

9 of 14
State Emblem of Uttar Pradesh - फोटो : UP Govt
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश का राजकीय चिह्न में पहले भीतरी गोले में ऊपर की ओर एक धनुष बना हुआ है। जिसके नीचे दो नदियां गंगा-यमुना बहती हुई दिखाई देती हैं। दोनों नदियां प्रयागराज में गंगा और यमुना के संगम को दर्शाती हैं। नदियों की धारा के दोनों ओर दो मछलियां हैं जो राज्य की गंगा और जमुनी तहजीब की प्रतीक मानी जाती हैं। कहा जाता है कि तीर कमान और मछलियां अवध और बुंदेलखंड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी करती हैं। उत्तर प्रदेश का यह एंब्लेम 1918 में अपनाया गया था।
 

10 of 14
State Emblem of Uttarakhand - फोटो : Uttarakhand Govt
उत्तराखंड
उत्तराखंड का राज्य प्रतीक चिह्न वाइट बैकग्राउंड पर ब्लू बॉर्डर्स के साथ डायमंड आकार में बना हुआ है। प्रतीक चिह्न में तीन पर्वतों के ऊपर अशोक स्तंभ स्थित है। नीचे की ओर गंगा नदी की लहरें परिकल्पित की गई हैं। यहां अशोक स्तंभ के नीचे सत्यमेव जयते लिखा हुआ है। अशोक स्तंभ की आकृति की पृष्ठभूमि में गहरा लाल रंग है शेष पूरे चिह्न में सफेद रंग है। राज्य के एंब्लेम को 2000 में अपनाया गया था।
 

11 of 14
State Emblem of Chandigarh Administration - फोटो : Chandigarh Administration
चंडीगढ़
केंद्र शासित प्रदेश और हरियाणा एवं पंजाब राज्यों की राजधानी के तौर पर जाने जाने वाले शहर चंडीगढ़ का राजकीय प्रतीक चिह्न बंद गोले में खुले हाथ की आकृति जैसा है। यह आकृति चंडीगढ़ के वास्तुकार रहे फ्रांसीसी आर्किटेक्ट ली कार्बूजिए द्वारा चंडीगढ़ में निर्मित एक ओपन हैंड मॉन्यूमेंट से प्रेरित है। 
 

12 of 14
State Emblem of Andhra Pradesh - फोटो : Govt AP
आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश राज्य के राज्य प्रतीक चिह्न को अमरावती स्कूल ऑफ आर्ट्स के द्वारा डिजाइन किया गया है। इसमें एक कलशनुमा पूर्ण घाटका बनी है जिसके मध्य में व्हील ऑफ लॉ के तौर पर एक धर्म चक्र बना है। नीचे अशोक स्तंभ है। इसके आसपास परिधि में हिंदी, अंग्रेजी और तेलुगु में आंध्र प्रदेश लिखा है। वहीं, लोगो में सत्यमेव जयते अंकित है। 
 

13 of 14
State Emblem of Arunachal Pradesh - फोटो : AP Govt
अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश के लोगो में पहाड़ की आकृति है। उनके ऊपर उगता हुआ सूरज और उसकी किरणें दिखाई देती हैं। उसके ऊपर अशोक स्तंभ बना हुआ है और सत्यमेव जयते लिखा है। नीचे की ओर पहाड़ के दोनों ओर राज्य पक्षी हॉर्नबिल हैं और मध्य में मिथुन बाइसन यानी कि राज्य पशु गयाल बना हैं। राज्य के एंब्लेम में राज्य के नाम की पूरी छवि दिखाई देती है। 
 
विज्ञापन

14 of 14
national emblem - फोटो : file photo
इन राज्य में अशोक स्तंभ ही हैं प्रतीक चिह्न
राजस्थान, मिजोरम, मेघालय, गुजरात, असम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, पुडुचेरी, लद्दाख, जम्मू और कश्मीर, दिल्ली, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव जैसे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भारत सरकार के राजकीय प्रतीक चिह्न अशोक स्तंभ के प्रारूप को ही अपने राज्य के नाम के साथ इस्तेमाल कर रहे हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें