दिल्ली में बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज की सुबह इस मौसम में अब तक दर्ज सबसे सर्द सुबह रही। यह तापमान इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। आपेक्षिक आद्रता 90 फीसदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन में आसमान में बादल छाए रहने और तेज सर्द हवा चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। कंपकंपाती ठंड ने मंगलवार को दिल्ली का 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अधिकतम तापमान 1997 के बाद सबसे नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 1997 में यह 11.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। पश्चिमी हिमालय से बहने वाली सर्द हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में पारे को लुढ़का दिया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत यूपी का अधिकांश मैदानी इलाका ऐसी ही ठंड की चपेट में रहे।