गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
मां को सबक सिखाने के लिए कर दी बेटे की हत्या
फतेहपुरबेरी थाना इलाके में मां को सबक सिखाने के लिए उसके बेटे की हत्या कर दी गई। बेटे को जंगल में ले जाकर आरोपियों ने सिर पर पत्थरों से वार कर उसकी हत्या कर दी। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे मुख्य आरोपी आरोपी को उत्तराखंड पुलिस हत्या के दूसरे केस में गिरफ्तार करके ले गई है। आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल ठाकुर के अनुसार भीम बस्ती, जौनापुर निवासी मो.राजा ने अपने अपने बेटे साजिद उर्फ चूना (19) के लापता होने की रिपोर्ट 19 जून को फतेहपुरबेरी थाना पुलिस को दी थी। साजिद के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट व रॉबरी आदि के चार मामले दर्ज थे। जांच में पता लगा कि साजिद को आखिरी बार विप्लव उर्फ रवि, राहुल उर्फ थाना व अन्य दोस्तों के साथ देखा गया था। हत्या का मामला दर्जकर फतेहपुरबेरी थानाध्यक्ष दिलीप कुमार की देखरेख में एसआई संदीप, एसआई रिषिकेश व हवलदार मनोज कुमार की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस राहुल उर्फ थापा व चमन से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर इन्होंने साजिद की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों ने बताया कि विप्लव के साथ मिलकर मांडी के जंगलों में साजिद की हत्या की है। राहुल व चमन को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता लगा कि थाना सितारगंज, जिला उद्यम सिंह नगर, उत्तराखंड पुलिस विप्लव को 27 जून को हत्या के केस में गिरफ्तार कर ले गई है। विप्लव वर्ष 2015 में भी फतेहपुरबेरी थाना इलाके में 16 वर्ष के बच्चे की हत्या कर चुका है। उस समय वह नाबालिग था। आरोपी व पीड़ित सभी दोस्त थे और एक साथ बैठकर शराब पीते थे। साजिद की मां ने विप्लव की मां से कुछ दिन पहले झगड़ा कर लिया था। ऐसे में विप्लव साजिद की मां को सबक सिखाना चाहता था। उसने मां को सबक सिखाने के लिए साजिद की हत्या कर दी।