दिल्ली में बुधवार सुबह से हो रही बारिश गुरुवार को भी जारी है। इसके चलते पूरे दिल्ली-एनसीआर में कई जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे समेत गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा समेत तमाम इलाकों में जलजमाव हो गया है। ताउते तूफान के असर से दिल्ली में मंगलवार से ही मौसम बदला हुआ है। बुधवार को भी पूरे दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही फिर शाम होते-होते कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई।
बारिश की वजह से यूपी के कई शहरों जिनमें एनसीआर के गाजियाबाद, नोएडा जैसे प्रमुख शहर भी शामिल हैं, वहां दिनभर बिजली आती जाती रही। कई इलाकों में तो बुधवार को दो-घंटे छोड़ पूरे दिन बिजली नहीं रही। यही हाल बुधवार रात का भी रहा। गुरुवार को सुबह आठ बजे तक कई इलाकों में बिजली आती जाती रही। गुरुवार सुबह 8.00 बजे के बाद से ही बारिश रुकी जरूर है लेकिन मौसम देखकर और मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आज भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश होगी।