दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार रात एक युवक ने अपनी मां की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। अपनी मौत के बाद मां को कष्ट न हो इसलिए युवक ने पहले उनकी हत्या कर दी और फिर चार दिन बाद उसने खुद के गले को इलेक्ट्रिक कटर से रेत कर खुदकुशी कर ली। उसके पास से मिले 77 पन्ने के सुसाइड नोट में उसने सारी बातों का जिक्र किया है। सुसाइड नोट में आध्यात्मिक, प्यार और बीमारी की बात लिखी है। उसने लिखा है कि वह दो साल से मरना चाह रहा था, लेकिन मरने से पहले अपनी मां को उस दुख से आजाद करना चाहता है। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि गुरुवार को उसने बाइक को लॉक करने वाले चेन से मां का गला घोंटा और फिर उसके गोद में सिर रखकर काफी देर तक रोता रहा। फिर उसने अपनी मां का इलेक्ट्रिक कटर से गला रेत दिया। उसके बाद उसने गंगाजल से मां के शव को धोया।