फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pragati Maidan Tunnel: हर मामले में हाईटेक है प्रगति मैदान टनल, इसकी दीवारों पर बनाई गईं दुनिया की सबसे बड़ी कलाकृतियां

Sun, 19 Jun 2022 08:55 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
प्रगति मैदान टनल - फोटो : amar ujala
प्रगति मैदान के नीचे बनाई गई टनल हर मामले में हाईटेक है। टनल में वाहनों एवं चालकों की सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा टनल में यातायात जाम की भी नौबत नहीं आएगी, वहीं टनल में मानसून के दौरान वाहन चालकों को जलभराव की समस्या से भी दो-चार नहीं होना पड़ेगा। 

टनल में सुरक्षा की दृष्टि से करीब सवा सौ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इनसे निगरानी रखने के लिए पुराना किला और रिंग रोड पर दो एडवांस कमांड एंड कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। टनल में वाहन खराब होने की स्थिति में पांच मिनट के अंदर उसे बाहर निकालने के लिए रिकवरी वाहन मौजूद रहेगा। वहीं टनल में 24 घंटे पेट्रोलिंग की सुविधा से लैस एडवांस फायर सिस्टम लगाए गए हैं। गाड़ी में आग लगने या फिर किसी अन्य कारण से आग लगने की घटना होने पर तत्काल अलार्म बजेगा और कुछ ही पल में उस स्थान पर मदद पहुंचाई जाएगी। आग लगने पर पानी की व्यवस्था के लिए भूमिगत टैंक भी बनाए गए है। इसके अलावा मानसून के दौरान जलभराव होने पर ड्रेनेज सिस्टम अपने आप पानी को बाहर निकालने के लिए ऑन हो जाएगा। टनल में प्रदूषण की समस्या के निपटने और तापमान नियंत्रित करने के लिए 25 विशाल जर्मन एग्जास्ट फैन भी लगाए गए हैं। टनल में स्मार्ट लाइटिंग की गई है।
विज्ञापन

2 of 5
प्रगति मैदान टनल - फोटो : amar ujala
रिंग रोड और मथुरा मार्ग से काफी हद तक कम हो जाएगा जाम
टनल चालू होने पर रिंग रोड, मथुरा रोड, इंडिया गेट, पुराना किला रोड, भैरों मार्ग आदि पर जाम की समस्या दूर हो जाएगी। यहां महज एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी को तय करने में 20 से 30 मिनट समय लग जाता है। शाम के वक्त यमुनापार की ओर से आकर नई दिल्ली में जाने के दौरान भारी जाम का सामना करना पड़ता है। कुछ लोग इस जाम से छुटकारा पाने के लिए विकल्प ना होने पर आईटीओ एवं भैरों मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। यहां भी अक्सर भारी जाम रहता है। अब टनल चालू होने पर यह सफर दो-तीन मिनट में ही तय हो जाएगा। टनल के माध्यम से रिंग रोड होते हुए सीधे इंडिया गेट पर पहुंचा जा सकेगा। वहीं, इंडिया गेट से वापस आते वक्त पुराना किला रोड से होते हुए इस टनल का इस्तेमाल रिंग रोड पर आने के लिए किया जाएगा। टनल का इस्तेमाल करने से इंडिया गेट से रिंग रोड तक पहुंचने के लिए महज चार मिनट समय लगेगा।
विज्ञापन

3 of 5
प्रगति मैदान टनल - फोटो : amar ujala
किसी भी दीवार पर नहीं बनी है इतनी बड़ी कलाकृति टनल की दीवारों पर दोनों ओर कलाकृतियां बनाई गई हैं। दुनिया में किसी भी दीवार पर इतनी बड़ी कलाकृति नहीं बनी है। करीब एक लाख वर्ग मीटर में कलाकृति बनाई गई है। यह कलाकृति बहुत ही अनोखी है। टनल की दीवारों पर तीन मिलीमीटर मोटी माइल्ड स्टील की चादर लगाई गई है। उसके ऊपर पाउडर कलर कोटिंग के जरिए पेंटिंग की गई है। टनल को देश की समस्त छह ऋतुओं के रूप में बांटा गया है। इसका हर हिस्सा ऋतु के अनुसार सूर्य और चांद के महत्व को बताता है। ऋतुओं के अनुसार कश्मीर से कन्याकुमारी तक के सभी त्योहारों की झलक दिखाई दे रही है।

4 of 5
प्रगति मैदान टनल - फोटो : amar ujala
टनल की खास बातें
-भैरों मार्ग, रिंग रोड, मथुरा रोड और पटियाला हाउस कोर्ट रोड पर रोजाना लगने वाले जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
- वाहन सीधे रिंग रोड से टनल के अंदर प्रवेश करके इंडिया गेट सर्कल तक पहुंच सकेंगे। वाहन चालकों का समय भी बचेगा।
- आईटीओ से डीपीएस मथुरा रोड तक करीब दो किलोमीटर के दायरे में छह ट्रैफिक सिग्नल पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे।
- जाम नहीं लगने पर करीब 12 हजार टन कार्बन डाइ ऑक्साइड का प्रतिवर्ष उत्सर्जन कम होगा।
- प्रति वाहन प्रति घंटे करीब 600 मिली लीटर ईंधन की खपत कम होगी।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
प्रगति मैदान टनल - फोटो : amar ujala
अंडरपास से कहां-कहां जा सकेगा
-काका नगर यू-टर्न अंडरपास से लाजपत नगर की ओर से आकर निजामुद्दीन की तरफ जाया जा सकेगा।
- सुंदर नगर यू-टर्न अंडरपास से भैरों मार्ग व चिड़ियाघर की ओर से आकर काकानगर, हाईकोर्ट की तरफ जाया जा सकेगा।
- मटकापीर अंडरपास से शेरशाह रोड से भैरों मार्ग व सुंदर नगर की ओर जाने वालों को लाभ होगा।
- सुप्रीम कोर्ट अंडपास से पुराना किला रोड और भगवानदास रोड की ओर से आने वाला यातायात भैरों मार्ग व चिड़ियाघर की तरफ जा सकेगा।
- भैरों मार्ग-रिंग रोड टी-जंक्शन अंडरपास से भैरों मार्ग से सराय काले खां बस अड्डा व एनएच नौ की ओर जाया जा सकेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें